दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में हजारीबाग की सड़कों पर उतरी कांग्रेस ने समाहरणालय के बाहर दिया धरना

Hazaribagh : दिल्ली के जंतर-मंतर पर शिक्षा व्यवस्था में सुधार, नीट परीक्षा की कथित अनियमितताओं और CBSE मूल्यांकन में धांधली के विरोध...

Hazaribagh : दिल्ली के जंतर-मंतर पर शिक्षा व्यवस्था में सुधार, नीट परीक्षा की कथित अनियमितताओं और CBSE मूल्यांकन में धांधली के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के खिलाफ हजारीबाग जिला कांग्रेस कमेटी ने समाहरणालय परिसर के बाहर धरना-प्रदर्शन किया. पूर्व मंत्री और जिला कांग्रेस अध्यक्ष जयप्रकाश भाई पटेल के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और छात्रों को न्याय देने की मांग की. वक्ताओं ने छात्रों पर हुए बल प्रयोग को लोकतंत्र के खिलाफ बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की.

छात्रों का भविष्य दांव पर, केंद्र की चुप्पी निरंकुशता की पराकाष्ठा

धरना स्थल पर मीडिया को संबोधित करते हुए पूर्व कांग्रेस विधायक प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने कहा कि यह केवल एक परीक्षा का नहीं, बल्कि करोड़ों छात्रों के भविष्य का सवाल है. उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रही अनियमितताओं से छात्रों और अभिभावकों का भरोसा टूट रहा है. उन्होंने 2024 के हजारीबाग नीट प्रश्नपत्र लीक मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्य आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं. उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की. साथ ही कहा कि छात्रों को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन जारी रहेगा.

2016 के बाद से लगातार लीक हो रहे पेपर, भाजपा शासित राज्यों से जुड़े तार

धरने के दौरान पूर्व मंत्री और जिला कांग्रेस अध्यक्ष जयप्रकाश भाई पटेल ने केंद्र सरकार पर परीक्षा प्रणाली को कमजोर करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि 2016 के बाद से राष्ट्रीय स्तर की कई परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक के कई मामलों का संबंध BJP शासित राज्यों से रहा है और सरकार इस पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है. उन्होंने कहा कि परीक्षाओं में हो रही अनियमितताओं से करोड़ों युवाओं का भविष्य दांव पर लगा है और इस पर तत्काल सख्त कदम उठाए जाने चाहिए.

जंतर-मंतर पर छात्रों और राहुल गांधी के साथ हुई बर्बरता की निंदा

जयप्रकाश भाई पटेल ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण विरोध करना हर नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर बल प्रयोग कर उनकी आवाज दबाने की कोशिश की गई. उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों से मिलने पहुंचे विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया. कांग्रेस ने केंद्र सरकार के रवैये की निंदा करते हुए कहा कि पार्टी छात्रों के समर्थन में उनके न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेगी.

राज्य में JPSC पर त्वरित कार्रवाई, केंद्र में नीट पर पर्दा डालने का खेल

JPSC परीक्षा विवाद पर जयप्रकाश भाई पटेल ने कहा कि झारखंड सरकार ने सवाल उठते ही परीक्षा रद्द कर CID जांच के आदेश दिए, जिससे उसकी पारदर्शी मंशा स्पष्ट होती है. उन्होंने आरोप लगाया कि इसके विपरीत केंद्र सरकार पेपर लीक मामलों में जिम्मेदारी तय करने से बच रही है और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अब तक पद से नहीं हटाया गया है. धरना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे.

Also Read : ब्यूरोक्रेसी में छाया झारखंड का दबदबा, दूसरे राज्यों की ब्यूरोक्रेसी के शिखर पर पहुंचे राज्य के होनहार लाल

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *