Hazaribagh : दिल्ली के जंतर-मंतर पर शिक्षा व्यवस्था में सुधार, नीट परीक्षा की कथित अनियमितताओं और CBSE मूल्यांकन में धांधली के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के खिलाफ हजारीबाग जिला कांग्रेस कमेटी ने समाहरणालय परिसर के बाहर धरना-प्रदर्शन किया. पूर्व मंत्री और जिला कांग्रेस अध्यक्ष जयप्रकाश भाई पटेल के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और छात्रों को न्याय देने की मांग की. वक्ताओं ने छात्रों पर हुए बल प्रयोग को लोकतंत्र के खिलाफ बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की.
धरने के दौरान पूर्व मंत्री और जिला कांग्रेस अध्यक्ष जयप्रकाश भाई पटेल ने केंद्र सरकार पर परीक्षा प्रणाली को कमजोर करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि 2016 के बाद से राष्ट्रीय स्तर की कई परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक के कई मामलों का संबंध BJP शासित राज्यों से रहा है और सरकार इस पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है. उन्होंने कहा कि परीक्षाओं में हो रही अनियमितताओं से करोड़ों युवाओं का भविष्य दांव पर लगा है और इस पर तत्काल सख्त कदम उठाए जाने चाहिए.
