Gumla: उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में NCORD, कारा प्रशासन एवं जिला टास्क फोर्स (खनन) की संयुक्त समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में मादक पदार्थों की रोकथाम, अवैध खनन एवं परिवहन पर नियंत्रण, कारा प्रशासन की व्यवस्थाओं तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई.
नशे के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश
उपायुक्त ने जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार चलाने, प्रमुख मार्गों एवं अंतरजिला सीमाओं पर नियमित जांच अभियान संचालित करने और दूसरे जिलों से आने वाले वाहनों की सघन जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां सघन छापेमारी करने को कहा.
स्कूलों में चलेगा नशा मुक्ति अभियान
उपायुक्त ने कम उम्र के बच्चों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए सभी विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया. स्कूलों के बाहर, मेडिकल दुकानों और सार्वजनिक स्थलों पर भी जागरूकता एवं निगरानी अभियान चलाने को कहा.
Also Read: राहुल गांधी की तीन मांगों को लेकर कांग्रेस ने किया भाजपा कार्यालय का घेराव
अवैध खनन और परिवहन पर सख्ती
बैठक में अवैध खनन और अवैध परिवहन पर पूर्ण नियंत्रण के निर्देश दिए गए. संभावित बालू निकासी क्षेत्रों, समाप्त खनन पट्टों और चालू पट्टाक्षेत्रों के बाहर नियमित निरीक्षण एवं छापेमारी करने को कहा गया. साथ ही बालू, बॉक्साइट परिवहन, ओवरलोडिंग और ई-चालानों की नियमित जांच के निर्देश भी दिए गए.
कारा प्रशासन की भी समीक्षा
कारा प्रशासन की समीक्षा के दौरान नवनिर्मित भवनों के शेष कार्य, सीपेज की समस्या के समाधान और भवन का हैंडओवर जल्द सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. बंदियों की नियमित स्वास्थ्य जांच तथा आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण समय-समय पर कराने को भी कहा गया.
