Ranchi: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की तीन मांगों के समर्थन में आज रांची में कांग्रेस ने भाजपा प्रदेश कार्यालय का घेराव किया. रांची महानगर कांग्रेस और रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के संयुक्त नेतृत्व में हरमू मैदान से भाजपा कार्यालय तक विशाल मार्च निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए.
तीन प्रमुख मांग
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और राहुल गांधी की तीन प्रमुख मांगों को दोहराया. इनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने, प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छात्रों व युवाओं से माफी मांगने के साथ इस पूरे मुद्दे पर लोकसभा में चर्चा कराने की मांग शामिल है. प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि उनके शांतिपूर्ण आंदोलन को बाधित करने के लिए भाजपा समर्थकों ने अंडे, टमाटर और पत्थर फेंके. हालांकि, कांग्रेस का दावा है कि कार्यकर्ताओं ने संयम बनाए रखा और करीब दो घंटे तक शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर “धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करो”, “नरेंद्र मोदी जवाब दो”, “छात्रों से माफी मांगो” जैसे नारे लगाए. कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है. उनका कहना था कि आंदोलन कर रहे छात्रों को गलत तरीके से बदनाम किया जा रहा है और उन पर बल प्रयोग किया गया. कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
AlsoRead:विकास योजनाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर दें विशेष ध्यान : उप विकास आयुक्त
