Lohardaga: स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के निर्देश पर गुरुवार को निदेशक (प्राथमिक शिक्षा) मनोज रंजन कुमार ने जिले में संचालित पीएम श्री विद्यालयों का निरीक्षण किया. निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करना था.
बिटपी और सेन्हा के पीएम श्री विद्यालयों का किया निरीक्षण
निरीक्षण के प्रथम चरण में निदेशक ने पीएम श्री राजकीयकृत प्लस-2 उच्च विद्यालय, बिटपी (भंडरा) तथा पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), सेन्हा का विस्तृत निरीक्षण किया. लोहरदगा जिले में वर्तमान में कुल नौ पीएम श्री विद्यालय संचालित हैं, जिनका चरणबद्ध तरीके से निरीक्षण किया जाएगा.

पढ़ाई, लर्निंग आउटकम और रिकॉर्ड की हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान निदेशक ने विद्यालयों के अभिलेख, पंजी, प्रशासनिक दस्तावेज, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक उपलब्धियां, लर्निंग आउटकम, शिक्षण स्तर और कक्षा संचालन की गुणवत्ता की गहन समीक्षा की. उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.
स्मार्ट क्लास, AI लैब और डिजिटल शिक्षा पर विशेष फोकस
मनोज रंजन कुमार ने विद्यालयों में संचालित स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, कंप्यूटर शिक्षा, डिजिटल प्रशिक्षण और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित शिक्षण गतिविधियों की भी समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिया कि विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा का अधिकतम लाभ मिलना चाहिए और आईसीटी लैब का नियमित उपयोग सुनिश्चित किया जाए.
आधारभूत सुविधाओं की भी बारीकी से हुई जांच
निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर की स्वच्छता, भवनों की स्थिति, पेयजल, शौचालय, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला, खेल सामग्री और अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया. जहां जरूरत महसूस हुई, वहां विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए.
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर दिया जोर
निदेशक ने संबंधित प्रभारी प्रधानाध्यापकों और कस्तूरबा विद्यालय की वार्डन को निर्देश दिया कि विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, शिक्षण की गुणवत्ता में लगातार सुधार किया जाए और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए. उन्होंने खेल, पुस्तकालय और प्रयोगशाला गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने पर भी बल दिया.
शेष पीएम श्री विद्यालयों का भी होगा निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधीक्षक सह अपर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अभिजीत कुमार, एडीपीओ मोनिदीपा बनर्जी, एपीओ एमलीन सुरीन, क्षेत्र प्रबंधक आकाश कुमार, गौरव पांडेय सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी एवं संबंधित विद्यालयों के शिक्षक मौजूद रहे. शिक्षा विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में जिले के शेष पीएम श्री विद्यालयों का भी इसी प्रकार विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा, ताकि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक संसाधनों के प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित किया जा सके.
ALSO READ: जमशेदपुर में नार्कोटिक्स टीम की कार्रवाई, एक क्विंटल गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
