Ranchi : राजकीय श्रावणी मेला 2026 के अवसर पर देवघर जिले में संचार व्यवस्था को सुचारू और मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस मुख्यालय ने बड़ा कदम उठाया है. SP वायरलेस रांची द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राज्य के विभिन्न थानों, शाखाओं और कंट्रोल रूम में कार्यरत 90 पुलिस ऑपरेटरों को देवघर जिले में प्रतिनियुक्त किया गया है. यह आदेश देवघर के द्वारा किए गए अनुरोध के आलोक में जारी किया गया है, जिस पर डीजी वायरलेस का अनुमोदन प्राप्त है.
27 जुलाई तक रिपोर्ट करने का निर्देश:
जारी आदेश के अनुसार, श्रावणी मेला ड्यूटी के लिए प्रतिनियुक्त सभी 90 पुलिस ऑपरेटरों को 27 जुलाई तक हर हाल में वायरलेस प्रभारी देवघर के समक्ष रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है. इसके साथ ही, प्रभारी वायरलेस देवघर को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे देवघर के एसपी से कोऑर्डिनेशन स्थापित कर प्रतिनियुक्त पुलिस कर्मियों के बीच संचार व्यवस्था के लिए ड्यूटी का बंटवारा सुनिश्चित करें. आवश्यकता पड़ने पर देवघर जिला के विभिन्न थानों में पहले से कार्यरत ऑपरेटरों की भी प्रतिनियुक्ति की जा सकेगी.
विभिन्न जिलों और शाखाओं से तैनात किए गए पुलिस कर्मी:
प्रतिनियुक्त किए गए 90 पुलिस ऑपरेटरों में रांची स्थित पुलिस वायरलेस मुख्यालय की विभिन्न शाखाओं (जैसे- एचआरएमएस, सीसीआर, डेटा सेंटर, टेट्रा कंट्रोल, हाई कोर्ट एवं विधानसभा कंट्रोल) के साथ-साथ राज्य के लगभग सभी प्रमुख जिलों से ऑपरेटर शामिल हैं.
Also Read: सरायकेला DC का बड़ा एक्शन! स्कूलों में लापरवाही पर नोटिस, वेतन रोकने और कटौती के सख्त निर्देश
