Ranchi: राजधानी रांची में BJP और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प और पत्थरबाजी के बाद सियासी विवाद और गहरा गया है. कांग्रेस की ओर से पहले अरगोड़ा थाना में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई. इसके बाद BJP प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश समेत अन्य नेताओं ने अरगोड़ा थाना पहुंचकर कांग्रेस के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी.
कांग्रेस सुनियोजित तरीके से पत्थर लेकर आये थे
थाने के बाहर मीडिया से बातचीत में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता पहले से पत्थरबाजी की तैयारी करके आए थे. उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान सुनियोजित तरीके से पत्थर फेंके गए, जिससे भाजपा के कई कार्यकर्ता घायल हुए. मरांडी का दावा है कि कांग्रेस ने पहले FIR दर्ज कराकर अपनी भूमिका छिपाने की कोशिश की. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि घटनास्थल पर पत्थर आखिर कहां से आए और उन्हें कौन लेकर आया, इसका जवाब कांग्रेस को देना चाहिए.
BJP ने घायल कार्यकर्ताओं का किया जिक्र
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि BJP कार्यकर्ता संजय चौधरी के सिर में गंभीर चोट लगी है और उनके सिर पर पट्टी बंधी हुई है. वहीं, BJP महानगर जिला अध्यक्ष वरुण साहू भी इस घटना में घायल हुए हैं. उन्होंने कहा कि पत्थरबाजी में कई अन्य कार्यकर्ताओं को भी चोटें आई हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.
पुलिस प्रशासन पर भी लगाए गंभीर आरोप
नेता प्रतिपक्ष ने पुलिस प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए, उन्होंने आरोप लगाया कि बैरिकेडिंग तोड़ने की घटना के दौरान प्रशासन ने कांग्रेस का सहयोग किया. मरांडी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. हालांकि, बाबूलाल मरांडी के इन आरोपों पर कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. पुलिस दोनों पक्षों की ओर से दर्ज एफआईआर के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
ALSO READ: धनबाद मंडल में मेगा टिकट चेकिंग अभियान, 688 यात्रियों से वसूला 6.45 लाख रुपये जुर्माना
