Bermo: बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का कार्य कर रही कंपनी भरत जी पटेल द्वारा सबलेट संवेदक मेसर्स जितेंद्र यादव को बकाया राशि का भुगतान नहीं किए जाने के कारण काम पूरी तरह ठप हो गया है. संवेदक द्वारा कार्य बंद कर दिए जाने से पूरी कॉलोनी की स्थिति बद से बदतर हो गई है.
एक तरफ कॉलोनी के सभी चैंबरों से ओवरफ्लो होकर सीवरेज का गंदा पानी सड़कों, स्कूलों और आसपास की नालियों में बह रहा है, वहीं दूसरी ओर आधा-अधूरा काम छोड़ दिए जाने और बारिश के कारण सड़कों पर भारी कीचड़, फिसलन व गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे आम लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है.
खुदी सड़कों से बढ़ी परेशानी, गड्ढे में फंसा ईंट लदा ट्रैक्टर
इसी अव्यवस्था के चलते स्थानीय पंच मंदिर से कोनार नदी छठ घाट को जाने वाली सड़क को खोदकर बिना ठीक से भरे ही छोड़ दिए जाने से गुरुवार को ईंट लदा एक ट्रैक्टर गड्ढे में फंस गया, जिसे दिनभर की कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका. इसी प्रकार उर्दू मजलिस से मिडिल स्कूल के समीप चौराहे तक की सड़क को भी खोदकर बिना मरम्मत किए छोड़ दिया गया है. इससे कॉलोनीवासियों, विशेषकर महिलाओं और स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
मौरम डालने से स्थिति और बिगड़ी, कंपनी का काम पूरी तरह बंद
मामले को लेकर जब स्थानीय लोगों ने डीवीसी के अधिकारियों से शिकायत की, तो सुधार के नाम पर संवेदक द्वारा कीचड़ और फिसलन से भरे रास्तों पर मौरम डाल दिया गया, जिससे स्थिति सुधरने की बजाय और भी बदतर हो गई है. वहीं, पूरे मामले पर गुरुवार को कंपनी के सुपरवाइजर राजेश सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि कंपनी का कार्य फिलहाल पूरी तरह बंद पड़ा हुआ है.
