सैटेलाइट तस्वीरों और अत्याधुनिक तकनीक से की गई करोड़ों की हाई-प्रोफाइल चोरी, रांची पुलिस ने किया खुलासा

अजय दयाल Ranchi: राजधानी के पॉश इलाके अशोक नगर में हुई हाई-प्रोफाइल चोरी का रांची पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मामले...

Ranchi Police
Ranchi Police solve high-profile theft worth crores committed using satellite imagery and state-of-the-art technology.

अजय दयाल 

Ranchi: राजधानी के पॉश इलाके अशोक नगर में हुई हाई-प्रोफाइल चोरी का रांची पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मामले में मुख्य आरोपियों की दो पत्नियों को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. पुलिस के अनुसार, चोरों ने वारदात से पहले सैटेलाइट तस्वीरों, अत्याधुनिक तकनीक और करोड़ों रुपये की लग्जरी कार का इस्तेमाल कर घर की रेकी की थी. एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों की मदद से मामले का खुलासा किया.

कुख्यात अंतरराज्यीय चोर गिरोह की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, इस हाई-प्रोफाइल चोरी में कुख्यात अंतरराज्यीय चोर इरफान उर्फ उजाले उर्फ बाबा उर्फ आर्यन, अफरोज उर्फ समीर उर्फ समीम और नवीन शर्मा शामिल हैं. तीनों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी लगातार छापेमारी कर रही है. सीतामढ़ी निवासी इरफान और दिल्ली निवासी अफरोज के घरों पर छापेमारी के दौरान उनकी पत्नियां गुलशन प्रवीण और शकीला उर्फ लाडली को गिरफ्तार किया गया. दोनों के पास से चोरी के कुछ गहने और नकद रुपये बरामद किए गए.

जगुआर कार, गहने और 17.36 लाख रुपये नकद बरामद

छापेमारी के दौरान कोलकाता से चोरी में इस्तेमाल की गई नीले रंग की जगुआर कार (UP78-EM-0101) भी बरामद की गई. इसके अलावा चोरी का एक सोने का मंगलसूत्र, तीन सोने की अंगूठियां, एक डायमंड और डायमंड की अंगूठी के साथ 17.36 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं. बताते चलें कि 9 जुलाई को चोरों ने अशोक नगर स्थित बिल्डर अखिलेश पांडेय और निशीत केसरी के घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. घटना के बाद रांची पुलिस ने एसआईटी का गठन कर जांच शुरू की थी.

देश के कई राज्यों में दर्ज हैं करीब 80 मामले

जांच के दौरान रांची पुलिस को पता चला कि गिरोह का सरगना मोहम्मद इरफान और उसके साथी कानपुर, आगरा, दिल्ली, गाजियाबाद, गोवा, बेंगलुरु, पुणे, केरल, छत्तीसगढ़, सूरत, हैदराबाद, सीतामढ़ी और जालंधर समेत कई शहरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं. पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्यों के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में करीब 80 आपराधिक मामले दर्ज हैं. रांची पुलिस इसे अपनी बड़ी सफलता मान रही है.

ALSO READ: जामताड़ा का सीनियर बालक खो-खो टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए कोडरमा के लिए रवाना

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *