Ramgarh: गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतर काम करने के लिए रामगढ़ जिले को राज्य स्तर पर बड़ी पहचान मिली है. प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर झारखंड ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन समिति ने वर्ष 2026 की पहली तिमाही में रामगढ़ को बेस्ट परफॉर्मिंग डिस्ट्रिक्ट घोषित किया है. रांची में आयोजित सम्मान समारोह में रामगढ़ की ओर से डॉ. विश्वनाथ उरांव और गोला की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अपराजिता ने यह पुरस्कार प्राप्त किया. यह सम्मान जिले में गर्भवती महिलाओं की समय पर स्वास्थ्य जांच, जोखिम वाली गर्भावस्था की जल्द पहचान और बेहतर मातृ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए दिया गया. इस उपलब्धि पर उपायुक्त ऋतुराज ने स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह सम्मान जिले के डॉक्टरों, एएनएम, सहिया कार्यकर्ताओं और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की टीमवर्क और लगातार मेहनत का परिणाम है. उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं लोगों तक पहुंचाई जाएंगी.
AlsoRead:DSPMU में टकराव बढ़ा, हड़ताल के जवाब में छात्रों ने खोला मोर्चा, शटर-डाउन की चेतावनी
