Pakur: राजवाड़ी की ऐतिहासिक रथ यात्रा के तहत शुक्रवार को उल्टी रथ यात्रा (बहुड़ा यात्रा) का आयोजन किया जा रहा है. सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु रथ स्थल पर पहुंचकर भगवान मदन मोहन और माता रुक्मणी की पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख, शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं.
सात दिनों के विश्राम के बाद होगी घर वापसी
मौसी घर में सात दिनों के विश्राम के बाद भगवान मदन मोहन अपनी घर वापसी करेंगे. बहुड़ा यात्रा के दौरान भगवान मदन मोहन और माता रुक्मणी भव्य रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण करते हुए अपने मंदिर लौटेंगे. इस धार्मिक यात्रा को देखने और इसमें शामिल होने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं.
300 साल पुरानी है ऐतिहासिक परंपरा
पाकुड़ राजवाड़ी की रथ यात्रा लगभग 300 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक और धार्मिक परंपरा है. इस भव्य आयोजन में झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बिहार से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं. राजशाही परंपरा और भव्यता के कारण यह रथ यात्रा क्षेत्र की विशेष पहचान बन चुकी है.
ALSO READ: DSPMU में टकराव बढ़ा, हड़ताल के जवाब में छात्रों ने खोला मोर्चा, शटर-डाउन की चेतावनी
शाम 5 बजे शुरू होगी उल्टी रथ यात्रा
आयोजकों के अनुसार, उल्टी रथ यात्रा (बहुड़ा यात्रा) शुक्रवार अपराह्न 5 बजे शुरू होगी. यात्रा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं, पूरे रथ मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.
