Ranchi: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र पांगी में शुक्रवार को एक भीषण हादसा हो गया. किलाड़-उदयपुर सड़क मार्ग पर कडू नाला के समीप एक चलती टाटा सूमो पर अचानक पहाड़ का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा. हादसा इतना भयावह था कि वाहन पूरी तरह मलबे की चपेट में आ गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
राहत अभियान
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए. मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए युद्धस्तर पर राहत अभियान शुरू किया गया. दुर्गम क्षेत्र होने के कारण बचाव कार्य में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है.
13 लोगों की मौत
भरमौर-पांगी के विधायक डॉ. जनक राज ने हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है. हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. प्रशासन मृतकों की पहचान और अन्य आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने में जुटा हुआ है.
बचाव कार्य जारी
प्रशासन की निगरानी में राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है. साथ ही इलाके की स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके.
