Saraikela: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जन शिकायत निवारण दिवस के अवसर पर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया. जनता दरबार में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं और मांगों को लेकर आवेदन सौंपे.
एक-एक शिकायत सुनकर दिए कार्रवाई के निर्देश
जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने सभी आवेदकों की शिकायतों को क्रमवार सुना. प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
जल निकासी, खाद की कालाबाजारी और बीयर बार का मुद्दा उठा
जनता दरबार में गम्हरिया प्रखंड के यशपुर पंचायत अंतर्गत उदयपुर गांव में वर्षा जल निकासी की व्यवस्था, कृषि कार्य में प्रयुक्त उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने के लिए उर्वरक विक्रेताओं का औचक निरीक्षण, कपाली नगर परिषद क्षेत्र के कमारगोड़ा पुनर्वास स्थल के पास प्रस्तावित बीयर बार की अनुमति नहीं देने की ग्रामीणों की सामूहिक मांग, सरायकेला नगर पंचायत के मझनाघाट पर सीढ़ी निर्माण, भूमि विवाद, जन्म प्रमाण-पत्र सत्यापन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और लंबित मानदेय भुगतान समेत विभिन्न विभागों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए.
कई मामलों का मौके पर समाधान
उपायुक्त ने प्राप्त आवेदनों में से कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन कराया. शेष मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजते हुए सभी अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने और आवेदकों को जल्द राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
ALSO READ:गुमला: जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की समीक्षा, कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
