दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलीं जमुआ विधायक मंजू कुमारी, क्षेत्र की प्रमुख सड़क परियोजनाओं के लिए मांगा विशेष पैकेज

Giridih: जिला के जमुआ विधानसभा क्षेत्र के सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जमुआ की...

दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलीं जमुआ विधायक मंजू कुमारी

Giridih: जिला के जमुआ विधानसभा क्षेत्र के सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जमुआ की विधायक मंजू कुमारी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार भेंट की. इस दौरान उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र एवं गिरिडीह जिले की कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के शीघ्र स्वीकृति, चौड़ीकरण और उन्नयन की मांग करते हुए विस्तृत मांगपत्र सौंपा. बैठक में विधायक ने क्षेत्र की बदहाल एवं संकरी सड़कों का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि बेहतर सड़क संपर्क किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला होता है. उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि झारखंड सरकार के अधीन आने वाली महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण एवं चौड़ीकरण के लिए केंद्र सरकार विशेष सहयोग और वित्तीय सहायता प्रदान करे, ताकि वर्षों से लंबित परियोजनाओं को गति मिल सके.

सड़कों का उन्नयन से लोगों को सुरक्षित और सुगम यात्रा की मिलेगी सुविधा 

विधायक मंजू कुमारी ने विशेष रूप से गिरिडीह–कोडरमा मार्ग, बेंगाबाद–बिहार सीमा सड़क, सरोंन–जमुआ मार्ग तथा गिरिडीह–हज़ारीबाग मार्ग के चौड़ीकरण और आधुनिकीकरण की आवश्यकता पर बल दिया. उन्होंने कहा कि इन मार्गों पर प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है, लेकिन सड़कें जर्जर और संकरी होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. यदि इन सड़कों का उन्नयन किया जाता है तो लोगों को सुरक्षित और सुगम यात्रा की सुविधा मिलेगी. उन्होंने बताया कि जमुआ विधानसभा के कई ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की सड़कें आज भी बेहतर संपर्क से वंचित हैं. सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, विद्यार्थियों को शिक्षा संस्थानों तक बेहतर पहुंच मिलेगी, मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समय पर मिलेगा तथा व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे. इससे पूरे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी.

नितिन गडकरी ने प्रस्तावों पर सकारात्मक एवं आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने विधायक द्वारा प्रस्तुत मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित प्रस्तावों पर सकारात्मक एवं आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया. उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं के तकनीकी पहलुओं की समीक्षा कर आगे की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश देने की बात कही. बैठक के दौरान मौजूद अधिकारियों ने भी बताया कि विधायक द्वारा उठाए गए प्रस्तावों की प्राथमिकता के आधार पर तकनीकी समीक्षा की जाएगी तथा केंद्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय स्थापित कर परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.

क्षेत्र हित से जुड़े महत्वपूर्ण विषय को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाना मेरी प्राथमिकता है: विधायक मंजू कुमारी 

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक मंजू कुमारी ने कहा कि “जमुआ विधानसभा के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए मैं लगातार प्रयासरत हूं. क्षेत्र के हित से जुड़े प्रत्येक महत्वपूर्ण विषय को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाना मेरी प्राथमिकता है. जनता ने जिस विश्वास के साथ मुझे अपना प्रतिनिधि बनाया है, उस विश्वास पर खरा उतरना ही मेरा संकल्प है.”उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से क्षेत्र की लंबित सड़क परियोजनाओं को जल्द स्वीकृति मिलेगी, जिससे जमुआ विधानसभा सहित पूरे गिरिडीह जिले के लोगों को बेहतर सड़क संपर्क और विकास का लाभ प्राप्त होगा.

ALSO READ : रांची: वरिष्ठ आजसू नेता कृष्ण कुमार महतो का निधन, सुदेश कुमार महतो ने जताया गहरा शोक

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *