Ranchi: BJP ने शुक्रवार को राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान BJP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पार्टी पर छात्रों के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया.
‘छात्रों को भ्रमित कर रहे हैं राहुल गांधी’
प्रदर्शन के दौरान BJP नेताओं ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी छात्रों को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं. उनका कहना था कि नीट परीक्षा मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक प्रक्रिया के जरिए न्याय सुनिश्चित करने की बात कही थी. इसके साथ ही समय पर परीक्षा आयोजित हुई, छात्रों का परिणाम भी आया और उनका एक शैक्षणिक वर्ष भी खराब नहीं हुआ.
झारखंड की भर्ती परीक्षाओं पर कांग्रेस को घेरा
BJP नेताओं ने आरोप लगाया कि झारखंड में JPSC, JSSC, CGL, उत्पाद सिपाही सहित कई भर्ती परीक्षाओं में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगे, लेकिन कांग्रेस ने इन मामलों में न तो कोई आंदोलन किया और न ही विरोध प्रदर्शन किया. उनका कहना था कि कांग्रेस का यह रवैया उसके दोहरे चरित्र को उजागर करता है.
ALSO READ: पलामू में राहुल गांधी का पुतला दहन, भाजपा का प्रदर्शन
‘दोहरे रवैये को बर्दाश्त नहीं करेंगे’
BJP नेताओं ने कहा कि छात्रों के हितों के मुद्दे पर कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर साफ दिखाई देता है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल राजनीतिक लाभ के लिए चुनिंदा मुद्दों पर आवाज उठाती है, जबकि झारखंड के युवाओं से जुड़े मामलों पर चुप्पी साध लेती है. BJP ने कहा कि वह कांग्रेस के इस दोहरे रवैये का लगातार विरोध करती रहेगी और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी.
