Jamtara : जिला पुलिस ने बिजली बिल अपडेट करने के नाम पर देशभर के लोगों से साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के तेलकियारी गांव में छापेमारी कर 28 वर्षीय आरोपी मितम यादव को गिरफ्तार किया. साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी की. इस संबंध में साइबर थाना कांड संख्या 46/2026 दर्ज किया गया है. आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता BNS, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
छापेमारी में मिले 8 मोबाइल फोन, 7 सिम कार्ड, 4 ATM कार्ड
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बिजली उपभोक्ताओं को बिजली बिल अपडेट करने के नाम पर फर्जी APK फाइल मोबाइल पर भेजता था. पीड़ित के फाइल इंस्टॉल करते ही उसके मोबाइल की जानकारी तक पहुंच बनाकर बिजली बिल भुगतान के बहाने साइबर ठगी को अंजाम देता था. पुलिस के अनुसार गिरोह का नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ है. छापेमारी दल में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस पदाधिकारी वैभव सिंह और अमृत कुमार राम शामिल रहे. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और साइबर ठगी के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है.
