गिरिडीह पुलिस की बड़ी सफलता: दो चेन छिनतई कांड का खुलासा, कटिहार से बरामद हुई दोनों सोने की चेन

Giridih: महिलाओं से सोने की चेन छीनने की दो सनसनीखेज घटनाओं का गिरिडीह पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है. विशेष जांच...

गिरिडीह पुलिस

Giridih: महिलाओं से सोने की चेन छीनने की दो सनसनीखेज घटनाओं का गिरिडीह पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है. विशेष जांच दल (एसआईटी) की लगातार तकनीकी और मानवीय जांच के बाद दोनों मामलों में छीनी गई सोने की चेन बिहार के कटिहार जिले से बरामद कर ली गई है. हालांकि, घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों की पहचान हो चुकी है, लेकिन उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की लगातार छापेमारी जारी है.

SIT गठन 

जानकारी के अनुसार, पहली घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह स्थित मंगल मूर्ति विवाह भवन के समीप 11 जुलाई की शाम करीब छह बजे हुई थी, जहां बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली थी. वहीं दूसरी घटना नगर थाना क्षेत्र के बरगंडा पावर हाउस के पास 12 जुलाई की शाम करीब सात बजे हुई, जहां इसी तरह दो बाइक सवार बदमाशों ने दूसरी महिला को निशाना बनाकर उसकी सोने की चेन छीन ली थी. लगातार दो दिनों में हुई इन वारदातों से शहरवासियों, खासकर महिलाओं में दहशत का माहौल बन गया था. दोनों घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या 186/2026 तथा नगर थाना में कांड संख्या 150/2026 दर्ज किया गया. मामले के शीघ्र उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) जितवाहन उरांव के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया.

जांच आगे बढ़ाई

एसआईटी ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई. जांच के दौरान धनबाद, बोकारो और बिहार के कटिहार जिले के विभिन्न इलाकों में लगातार छापेमारी की गई. आखिरकार कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र स्थित नया टोला जुराबगंज में छापेमारी के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली. छापेमारी के दौरान अपराधियों के घर से दोनों महिलाओं से छीनी गई सोने की चेन बरामद कर ली गई. पुलिस के अनुसार, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र से छीनी गई चेन का वजन लगभग 11 ग्राम, जबकि नगर थाना क्षेत्र से छीनी गई चेन का वजन लगभग 19 ग्राम है. पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही सभी आरोपी कानून की गिरफ्त में होंगे.

AlsoRead:JPSC-JSSC भर्ती में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के खिलाफ देवेंद्र नाथ महतो अनिश्चितकालीन सत्याग्रह पर बैठे

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *