Koderma: रेलवे सुरक्षा बल ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है. “मिशन सेवा” के तहत RPF जवानों ने चलती ट्रेन में घायल हुए एक यात्री को तत्काल मदद पहुंचाकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया. आज, 25 जुलाई को सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 12875 अप पुरी-आनंद विहार एक्सप्रेस के जनरल कोच में एक यात्री का पैर जख्मी हो गया है. सूचना मिलते ही कोडरमा रेलवे स्टेशन पर गाड़ी के 02:25 से 02:28 बजे तक ठहराव के दौरान आरक्षी धनशेखर कुमार और प्रधान आरक्षी विमल कुमार गुप्ता ने यात्री को अटेंड किया. जांच में पाया गया कि एक युवक का एक पैर गंभीर रूप से जख्मी है. इसकी सूचना तत्काल स्टेशन मास्टर, रेलवे अस्पताल और एंबुलेंस सेवा 108 को दी गई.
यह भी पढ़ें: कोडरमा: ईमानदारी की मिसाल बनी RPF, खोया बैग और नकदी लौटाई
बोकारो से सासाराम जा रहा था यात्री
घायल यात्री ने अपना नाम लालू कुमार, उम्र 25 वर्ष, पिता वीरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम खेतलपुर, थाना संझौली, जिला रोहतास, बिहार बताया. उसने बताया कि वह बोकारो स्टील सिटी से टिकट संख्या AWA 55296926 लेकर सासाराम जा रहा था. यात्रा के दौरान वह जनरल कोच के दरवाजे के पास बैठा था. इसी दौरान परसाबाद स्टेशन के पास उसका पैर प्लेटफार्म से टकरा गया और वह जख्मी हो गया. RPF ने उसके परिजनों को भी सूचना दे दी. कुछ देर बाद रेलवे अस्पताल कोडरमा से डॉक्टर मौके पर पहुंचे. उन्होंने प्राथमिक जांच के बाद बेहतर इलाज के लिए घायल को सदर अस्पताल रेफर कर दिया. इसके बाद RPF जवानों ने एंबुलेंस के माध्यम से लालू कुमार को सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया. सूचना मिलने पर कुछ समय बाद घायल के पिता वीरेंद्र सिंह भी सदर अस्पताल पहुंच गए. डॉक्टरों की सलाह पर बेहतर इलाज के लिए पिता अपने बेटे को साथ लेकर आगे के इलाज के लिए रवाना हो गए. इस दौरान RPF जवान पीड़ित के साथ मौजूद रहे.
