Ranchi: राजधानी रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में शनिवार को घुरती रथयात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हो गई. मौसीबाड़ी से महाप्रभु जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा का रथ वापस मुख्य मंदिर पहुंचा. इस दौरान पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और “जय जगन्नाथ” के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा.
रथ खींचने के लिए उमड़ा जनसैलाब
घुरती रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे सभी भगवान के रथ को खींचने के लिए उत्साहित दिखे. रथ की रस्सी पकड़कर भक्तों ने अपनी आस्था व्यक्त की. कई श्रद्धालु सुबह से ही रथ यात्रा में शामिल होने के लिए पहुंच गए थे. पूरे रास्ते भक्ति, उत्साह और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला.
यह भी पढ़ें: 30 जुलाई से शुरू होगा श्रावणी मेला: VIP दर्शन पर पूरी तरह रोक, श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने के निर्देश
प्रशासन रहा पूरी तरह मुस्तैद
यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. मार्ग पर जगह-जगह पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे. भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात सुचारु रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक इंतजाम किए गए. प्रशासन की सतर्कता के बीच घुरती रथ यात्रा बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुई.
मेले में भी दिखी रौनक
रथ यात्रा के साथ लगे मेले में भी लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली. परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने पूजा-अर्चना करने के बाद मेले का आनंद लिया. शाम तक मंदिर परिसर और आसपास का इलाका श्रद्धालुओं से गुलजार रहा.
