Chatra: आमजनों में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से चतरा पुलिस ने “ऑपरेशन भरोसा” के तहत विशेष अभियान चलाकर पिछले एक महीने में 20 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए. शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए.
एसपी के निर्देश पर चला विशेष अभियान
पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों ने पिछले एक महीने के दौरान गुम हुए मोबाइल फोन से संबंधित दर्ज सनहा और CEIR Portal पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर विशेष अभियान चलाया. अभियान के दौरान तकनीकी सहायता से 20 मोबाइल फोन बरामद किए गए.


मालिकों को लौटाए गए मोबाइल फोन
25 जुलाई को आयोजित कार्यक्रम में बरामद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए गए. लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने चतरा पुलिस के इस प्रयास की सराहना की और पुलिस के प्रति विश्वास जताया.
CEIR Portal की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने लोगों को CEIR Portal के माध्यम से गुम हुए मोबाइल की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने परिजनों, मित्रों और परिचितों को भी इस सुविधा के बारे में जागरूक करें, ताकि गुम हुए मोबाइल की बरामदगी की संभावना बढ़ सके.
जनविश्वास बढ़ाने के लिए अभियान रहेगा जारी
चतरा पुलिस ने कहा कि आमजनों की सेवा और पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से भविष्य में भी “ऑपरेशन भरोसा” जैसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे.
