Ranchi:167वें आयकर दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पटना स्थित इंदिरा गांधी विज्ञान परिसर (तारामंडल) के सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में रांची आयकर विभाग की तीन सदस्यीय टीम को ‘प्रिंसिपल चीफ कमिश्नर ऑफ इनकम टैक्स एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया. बिहार-झारखंड के प्रिंसिपल चीफ कमिश्नर ऑफ इनकम टैक्स डी. सुधाकर राव ने रांची के आयकर अधिकारी अजित, कार्यालय अधीक्षक रवि कुमार और कर सहायक अंकिता रानी की टीम को व्यक्तिगत उत्कृष्टता प्रमाणपत्र एवं गोल्ड मेडल प्रदान किया.
यह भी पढ़ें: चाईबासा: NEET -CBSE परीक्षा में अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस का मौन सत्याग्रह, निकला कैंडल विजय मार्च
550 करोड़ की अघोषित आय का खुलासा
टीम को प्रत्यक्ष कर के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और कर्तव्यनिष्ठा के लिए यह सम्मान मिला है. वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान इस टीम ने विभिन्न विभागीय दायित्वों के साथ-साथ 8 सर्वे अभियान चलाकर पिछले तीन वर्षों से संबंधित अचल संपत्ति के लगभग 550 करोड़ रुपये की अघोषित आय एवं असूचित वित्तीय लेन-देन का पर्दाफाश कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की थी. समारोह में प्रसिद्ध लोक गायक पद्मश्री भारत सिंह भारती, पटना विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति अजय कुमार सिंह, बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के चेयरमैन पीके अग्रवाल सहित आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे.
