Ranchi: झारखंड पुलिस ने आम जनता में सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी सफलता हासिल की है. राज्य के विभिन्न जिलों की पुलिस ने विशेष अभियान और आधुनिक तकनीक (CEIR पोर्टल) का प्रभावी उपयोग करते हुए कुल 890 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं. शनिवार को अलग-अलग जिलों में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन कर ये मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए. अपना खोया हुआ फोन वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी और उन्होंने पुलिस प्रशासन का दिल से आभार व्यक्त किया.
आइए जानते हैं किस जिले में पुलिस ने किस अभियान के तहत यह सफलता हासिल की.
गढ़वा: ऑपरेशन विश्वास के जरिए 79 मोबाइल वापस मिले
गढ़वा पुलिस ने आमजनों के विश्वास को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ऑपरेशन विश्वास चलाया. थानों में दर्ज सन्हा और CEIR पोर्टल की शिकायतों के आधार पर 79 मोबाइल।बरामद किए गए. SP आशुतोष शेखर के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय के सभागार में जिलास्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर सभी मोबाइल धारकों को दिए गए.

धनबाद: ‘मिशन अमानत’ के तहत 505 मोबाइल बरामद
धनबाद पुलिस ने जनहित और संवेदनशील पुलिसिंग की मिसाल पेश करते हुए मिशन अमानत के तहत देश के अलग-अलग राज्यों से कुल 505 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए.
हजारीबाग: CEIR पोर्टल से 139 मोबाइल ढूंढे गए
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर हजारीबाग पुलिस ने पिछले दो महीनों में विशेष अभियान चलाकर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 139 गुम मोबाइल बरामद किए.पुलिस कार्यालय हजारीबाग में आयोजित विशेष शिविर के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) अमित कुमार, साइबर थाना और तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारियों की मौजूदगी में मोबाइल उनके सही धारकों को लौटाए गए.

ALSO READ: आयकर दिवस पर रांची के तीन अधिकारियों को ‘प्रिंसिपल चीफ कमिश्नर एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026’
पलामू: ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत 104 लोगों के चेहरे पर लौटी खुशी
पलामू पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान चलाकर CEIR पोर्टल और आधुनिक तकनीक के माध्यम से पिछले दो महीनों में 104 गुम हुए मोबाइल ढूंढ निकाले. 104 लोगों को उनके खोए फोन वापस मिलने से उनके चेहरे खिल उठे.
बोकारो (बेरमो अनुमंडल): CEIR पोर्टल की मदद से 43 मोबाइल बरामद
SP नाथू सिंह मीना के आदेश पर बेरमो अनुमंडल के विभिन्न थानों (जरीडीह, कसमार, पेटरवार, गोमिया, चंद्रपुरा, नावाडीह आदि) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 43 मोबाइल बरामद किए. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बेरमो (तेनुघाट) के प्रांगण में सत्यापन के बाद मोबाइल धारकों को सौंपे गए.
चतरा: ‘ऑपरेशन भरोसा’ के तहत 20 मोबाइल बरामद
चतरा पुलिस ने ऑपरेशन भरोसा के तहत एक महीने का विशेष अभियान चलाकर 20 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए. समाहरणालय में आयोजित कार्यक्रम में ये फोन उनके मालिकों को दिए गए.
