जामताड़ा: सालुका कोल्ड स्टोरेज का DC ने किया निरीक्षण, किसानों को मिलेगा लाभ

Jamtara: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने शनिवार को नाला प्रखंड के सालुका स्थित सहकारिता विभाग द्वारा निर्मित 5000 मीट्रिक टन...

सालुका कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण करते DC
सालुका कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण करते DC

Jamtara: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने शनिवार को नाला प्रखंड के सालुका स्थित सहकारिता विभाग द्वारा निर्मित 5000 मीट्रिक टन क्षमता वाले स्टोर फ्रेश कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कोल्ड स्टोरेज की भंडारण क्षमता, साफ-सफाई, शीत श्रृंखला (कोल्ड चेन) के रखरखाव तथा वर्तमान में भंडारित कृषि उत्पादों का जायजा लिया.

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों एवं प्रबंधन कर्मियों को गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन, नियमित निगरानी तथा किसानों को अधिक से अधिक कोल्ड स्टोरेज का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जिले के सभी प्रखंडों के किसान यहां अपने कृषि उत्पाद सुरक्षित रख सकते हैं. साथ ही किसानों को भंडारण शुल्क में रियायत भी दी जा रही है. उन्होंने LAMPS और अन्य माध्यमों से किसानों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया.

आलू, महुआ और फलों के भंडारण की उपलब्ध है सुविधा

प्रबंधन की ओर से बताया गया कि कोल्ड स्टोरेज में आलू भंडारण की क्षमता 4000 MT है, जिसमें वर्तमान में 1152 MT आलू रखा गया है. महुआ के लिए 800 MT क्षमता में 56 MT महुआ भंडारित है, जबकि 200 MT क्षमता का फल भंडारण कक्ष अगले माह से शुरू किया जाएगा.

उचित भंडारण से किसानों को होगा आर्थिक लाभ

उपायुक्त ने कहा कि उचित भंडारण के अभाव में किसानों को अक्सर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है. कोल्ड स्टोरेज की सुविधा से किसान लंबे समय तक अपने उत्पाद सुरक्षित रख सकेंगे और उचित समय पर बेहतर कीमत मिलने पर ही बिक्री कर आर्थिक लाभ अर्जित कर सकेंगे. निरीक्षण के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए.

ALSO READ: जामताड़ा: 26 जुलाई को नारायणपुर प्रखंड परिसर में आयोजित होगा मेगा सशक्तीकरण शिविर, तैयारियों को लेकर बैठक

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *