Kolkata/Jamtara: श्रावणी मेला 2026 के दौरान जसीडीह रेलवे स्टेशन से गुजरने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए पूर्व रेलवे ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी हैं. बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है.
आरपीएफ आईजी ने जसीडीह स्टेशन का किया निरीक्षण
24 जुलाई 2026 को पूर्व रेलवे के महानिरीक्षक (आईजी), रेलवे सुरक्षा बल ए.एन. सिन्हा ने आसनसोल मंडल के वरिष्ठ मंडलीय सुरक्षा आयुक्त के साथ जसीडीह रेलवे स्टेशन पहुंचकर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर, यात्री होल्डिंग एरिया, फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) और जसीडीह आरपीएफ पोस्ट का निरीक्षण किया.
नए यात्री होल्डिंग एरिया से भीड़ नियंत्रण की तैयारी
निरीक्षण के दौरान नव विकसित यात्री होल्डिंग एरिया का विशेष रूप से अवलोकन किया गया. इस क्षेत्र को श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने, स्टेशन परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों के सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है.
एआई फेस रिकग्निशन सिस्टम से होगी निगरानी
श्रावणी मेला के दौरान सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए स्टेशन पर लगाए गए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित फेस रिकग्निशन सिस्टम (FRS) कैमरों की भी समीक्षा की गई. यह प्रणाली ज्ञात अपराधियों के डेटाबेस से जुड़ी है और संदिग्ध या वांछित व्यक्तियों की पहचान होने पर तत्काल अलर्ट जारी करती है. इससे आरपीएफ जवानों को समय रहते कार्रवाई करने में मदद मिलेगी.
जीआरपी, पुलिस और प्रशासन के साथ हुई समन्वय बैठक
निरीक्षण के बाद रेलवे के विभिन्न विभागों, जीआरपी, स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई. बैठक में मेला अवधि के दौरान बेहतर समन्वय, त्वरित संचार और संयुक्त कार्यप्रणाली को मजबूत करने पर चर्चा हुई.
24 घंटे तैनात रहेंगे सुरक्षा कर्मी
सुरक्षा सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरपीएफ आईजी ए.एन. सिन्हा ने जवानों को लगातार सतर्क रहने और यात्री केंद्रित सेवा भावना के साथ काम करने का निर्देश दिया.उन्होंने मेला अवधि के दौरान 24×7 भीड़ प्रबंधन, मेला स्पेशल ट्रेनों में सुरक्षा एस्कॉर्ट की तैनाती, यात्री सहायता केंद्र और हेल्प डेस्क संचालन, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए.
श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा रेलवे की प्राथमिकता
पूर्व रेलवे आरपीएफ ने कहा कि श्रावणी मेला 2026 के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था तैयार की गई है. उद्देश्य है कि बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित, सुविधाजनक और निर्बाध यात्रा का अनुभव प्राप्त कर सकें.
