Ranchi: राज्य की प्रतियोगी परीक्षाओं में चल रहे धांधली और पेपर लीक के अंतहीन दौर से आजिज़ आकर, जेपीएससी और जेएसएससी के अभ्यर्थियों ने रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में आर-पार की जंग का ऐलान कर दिया है. छात्र एकता के बैनर तले शुरू हुआ यह आंदोलन अब महज एक विरोध-प्रदर्शन नहीं, बल्कि व्यवस्था के खिलाफ अनिश्चितकालीन सत्याग्रह बन चुका है.
साफ भर्ती, न्याय दो, व्यवस्था के खिलाफ हुंकार
धरना स्थल का नजारा बयां कर रहा है कि राज्य का युवा वर्ग अब खोखले आश्वासनों के भरोसे बैठने को तैयार नहीं है. बापू वाटिका परिसर साफ भर्ती, न्याय दो और न पेपर लीक, न भ्रष्टाचार, युवाओं को मांगें अधिकार जैसे नारों से गूंज रहा है. युवाओं का कहना है कि बार-बार लीक होते पेपर और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती परीक्षाओं ने उनके सुनहरे भविष्य को अंधेरे में धकेल दिया है. छात्रों ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट कर दिया है कि यह कोई सांकेतिक धरना नहीं है. जब तक सरकार इन गंभीर मुद्दों पर ठोस और सकारात्मक पहल करते हुए आधिकारिक आश्वासन नहीं देती, तब तक यह सत्याग्रह यूं ही जारी रहेगा.
क्या हैं मांगें
• परीक्षाओं में सेंधमारी करने वाले गिरोहों और भ्रष्ट तंत्र पर बिना किसी नरमी के कठोर कानूनी कार्रवाई हो.
• भविष्य की हर प्रतियोगी परीक्षा को पूरी तरह फूल-प्रूफ और पारदर्शी बनाया जाए.
• लंबित सभी भर्ती परीक्षाओं को निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए.
ALSO READ: अवैध कोयला खनन पर CISF का शिकंजा: 7 दिन में 1,277 टन कोयला जब्त, 5 गिरफ्तार
