Giridih: झारखंड सरकार के वित्त, वाणिज्य-कर, योजना और विकास तथा संसदीय कार्य विभाग के मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने रविवार को गिरिडीह परिसदन भवन में वाणिज्य-कर और विकास विभाग की समीक्षा बैठक की. बैठक में गिरिडीह, हजारीबाग और देवघर प्रमंडल के अधिकारियों के साथ विभागीय कार्यों, राजस्व संग्रह और विकास योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई.
अधिकारियों ने दी विभागीय रिपोर्ट
मंत्री के गिरिडीह पहुंचने पर DC रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. बिमल कुमार ने उनका स्वागत किया. बैठक में अधिकारियों ने योजनाओं की उपलब्धियों, राजस्व संग्रह और लंबित कार्यों की जानकारी दी.
योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से जनता तक पहुंचे. उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.
राजस्व बढ़ाने पर जोर
वाणिज्य-कर विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने निर्धारित राजस्व लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया. उन्होंने कर व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने पर जोर दिया.
विकास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश
समीक्षा में योजनागत व्यय, लक्ष्य प्राप्ति और लंबित कार्यों की जानकारी ली गई. मंत्री ने अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ विकास कार्यों में तेजी लाने और जनता को योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया.बैठक में गिरिडीह, हजारीबाग और देवघर के कई विभागों के वरीय अधिकारी मौजूद रहे.
