Lohardaga: अंजुमन इस्लामिया लोहरदगा की अदलिया कमिटी की बैठक रविवार को अंजुमन कार्यालय में आयोजित की गई. बैठक में कुल तीन मामलों की सुनवाई हुई, जिनमें दो मामलों का निपटारा आपसी सहमति और समझौते के आधार पर कर दिया गया, जबकि एक मामले में दोनों पक्षों को समाधान के लिए 15 दिनों का समय दिया गया.
दो पारिवारिक विवादों का हुआ समाधान
बैठक के दौरान पहला मामला सेन्हा निवासी युवक और सिसई निवासी युवती के बीच आपसी मतभेद से जुड़ा था. अदलिया कमिटी ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद आपसी सहमति से मामले का समाधान करा दिया.वहीं दूसरा मामला जुरिया निवासी युवक और ओयना निवासी युवती के बीच पारिवारिक विवाद का था. कमिटी की पहल पर दोनों पक्षों के बीच बातचीत और समझौता कराया गया, जिसके बाद विवाद समाप्त हो गया.
तीसरे मामले में दिया गया 15 दिनों का समय
तीसरा मामला चाहत परवीन कुरैशी (लोहरदगा) और शाहिद कुरैशी (कांटा टोली, रांची) के बीच आपसी मतभेद से संबंधित था. इस मामले में दोनों पक्षों को आपसी समाधान के लिए 15 दिनों का समय दिया गया है. इसके अलावा दो अन्य मामलों पर भी प्रारंभिक सुनवाई करते हुए कमिटी ने जल्द समाधान कराने का भरोसा दिलाया.
बैठक में कई पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अंजुमन इस्लामिया के सदर अब्दुल रउफ अंसारी, नाइब सदर सैयद आरिफ हुसैन बबलू, सहसचिव अल्ताफ कुरैशी, अदलिया कमिटी के सदस्य सेराज अंसारी, यासीन कुरैशी, ऑफिस सेक्रेटरी मौलवी अबुल कलाम तैगी, मोहम्मद असगर तैगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे. सेन्हा प्रखंड के सदर मुख्तार अंसारी और हाजी सिकंदर अंसारी भी बैठक में शामिल हुए.
थाना और कोर्ट से पहले आपसी समाधान की अपील
इस अवसर पर अंजुमन इस्लामिया के सदर अब्दुल रउफ अंसारी ने जिले के लोगों से अपील करते हुए कहा कि छोटे-मोटे विवादों को थाना और कोर्ट-कचहरी तक ले जाने से पहले समाज की संस्था अंजुमन के माध्यम से समाधान का प्रयास करना चाहिए.उन्होंने कहा कि बातचीत और आपसी समझदारी से निकला समाधान अधिक स्थायी और सम्मानजनक होता है. अंजुमन इस्लामिया की अदलिया कमिटी का उद्देश्य परिवार, समाज और रिश्तों को बचाते हुए विवादों का निष्पक्ष और सौहार्दपूर्ण समाधान करना है.उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर विवाद का समाधान संभव नहीं हो, तो लोग अंजुमन की अदलिया कमिटी के समक्ष अपनी बात रख सकते हैं. कमिटी पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ मामलों का समाधान करने का प्रयास करेगी.
सामाजिक एकता मजबूत करने का प्रयास
अब्दुल रउफ अंसारी ने कहा कि अंजुमन की अदलिया कमिटी समाज में भाईचारा, आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से लगातार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है.
