Palamu: जिले के पिपराटांड़ थाना क्षेत्र में विवाहिता रुकेजा खातून की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति सतीफ अंसारी (21) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मृतका के परिजनों ने पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पिपराटांड़ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. पुलिस जांच के दौरान थाना प्रभारी निलेश कुमार ने आरोपी पति को पूछताछ के लिए थाना बुलाया.
प्रेस वार्ता में हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि किसी बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हुआ था. आरोप है कि गुस्से में उसने पहले पत्नी के मुंह में कीटनाशक दवा डाली, फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को घर की छत में लगी कुंडी से लटका दिया. लेस्लीगंज एसडीपीओ प्रशांत कुमार-2 ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.
