Koderma: कोडरमा डोमचांच अंचलाधिकारी रविंद्र पांडे के खिलाफ सोमवार को बारिश के बावजूद ग्रामीणों ने अंचल परिसर में धरना-प्रदर्शन किया. प्रदर्शन से पहले कालीमंडा से बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होकर रैली निकालते हुए कोडरमा-गिरिडीह मार्ग होते हुए प्रखंड मुख्यालय पहुंचे और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना दिया. धरना के दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर लेकर अंचलाधिकारी पर मनमानी, भ्रष्टाचार और म्यूटेशन सहित अन्य राजस्व कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाया. ग्रामीणों का कहना था कि जमीन से जुड़े कार्यों के निष्पादन में लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है और कार्यों में पारदर्शिता का अभाव है. प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है. इस दौरान उन्होंने नारेबाजी करते हुए कहा कि आम लोगों को समय पर और बिना किसी परेशानी के सरकारी सेवाएं मिलनी चाहिए.
राजद नेता सुभाष प्रसाद यादव ने दिया समर्थन
इस धरना को राजद नेता सुभाष प्रसाद यादव ने समर्थन दिया. प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर उपायुक्त कोडरमा को ज्ञापन सौंपा. मौके पर पूर्व उपाध्यक्ष पप्पू मेहता, विजय सिंह, संजय मेहता, मनोज रजक, रविंद्र सिंह, भीम सिंह, वीरेंद्र कराटे, प्रवेज खान, आनंद कुमार, विसंबर सुंडी, बसंत मेहता, दीपक यादव, सुबोध यादव, राजेंद्र मेहता, राजू दास, जितेंद्र दास, महेश दास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे.
