Chaibasa: बंदगांव प्रखंड के कराईकेला, हुड़ागदा एवं नाकटी पंचायतों के विभिन्न बूथों का कांग्रेस नेताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, बूथों पर उपलब्ध सुविधाओं तथा बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई. निरीक्षण दल में पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष रंजन बोयपाई, पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस प्रभारी धर्मेन्द्र सोनकर, पूर्व जिला अध्यक्ष सन्नी सिंकू तथा बंदगांव प्रखंड कांग्रेस उपाध्यक्ष सह प्रखंड बीस सूत्री सदस्य महेश प्रसाद साहू शामिल थे. कांग्रेस नेताओं ने बूथों पर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का जायजा लेते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं बीएलओ से निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से कार्य करने का आग्रह किया. निरीक्षण के दौरान नेताओं ने स्थानीय कार्यकर्ताओं से भी बातचीत की और एसआईआर अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग करने को कहा.
यह भी पढ़ें: भाजपा को नए कानून का नहीं अपने राजनीतिक चरित्र का संशोधन करना चाहिए : राकेश सिन्हा
