News Wave Desk: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है. मंगलवार (28 जुलाई) को घोषित इस टीम में अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की वापसी हुई है. वहीं, मध्य प्रदेश के ऑफ स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली है.
बुमराह और साई सुदर्शन की फिटनेस पर रहेगा फैसला
बीसीसीआई ने बताया है कि जसप्रीत बुमराह और साई सुदर्शन की टीम में उपलब्धता फिटनेस क्लियरेंस पर निर्भर करेगी. दोनों खिलाड़ियों को BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) से फिटनेस मंजूरी मिलने के बाद ही अंतिम रूप से टीम में शामिल किया जाएगा. बुमराह इंग्लैंड दौरे के दौरान चोटिल हुए थे, जबकि साई सुदर्शन भी फिटनेस समस्या से जूझ रहे हैं.
वॉशिंगटन सुंदर पहले टेस्ट से बाहर
ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर पहले टेस्ट मैच के लिए चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे. इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्हें हैमस्ट्रिंग की चोट लगी थी. इसी वजह से उन्हें फिलहाल टेस्ट टीम में शामिल नहीं किया गया है.
सीरीज से पहले खेलेगी चार दिन का अभ्यास मैच
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के तहत होने वाली इस टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम 7 अगस्त से कोलंबो में चार दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी. इसके बाद पहला टेस्ट 15 अगस्त से गाले में और दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा.
Read Also: IBPS Clerk Recruitment 2026: 1 अगस्त से शुरू होंगे आवेदन, जानें परीक्षा शेड्यूल और चयन प्रक्रिया
श्रीलंका दौरे के लिए भारत की टेस्ट टीम
- शुभमन गिल (कप्तान)
- केएल राहुल (उपकप्तान)
- यशस्वी जायसवाल
- ऋषभ पंत (विकेटकीपर)
- साई सुदर्शन
- ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)
- रवींद्र जडेजा
- कुलदीप यादव
- मानव सुथार
- जसप्रीत बुमराह*
- मोहम्मद सिराज
- प्रसिद्ध कृष्णा
- गुरनूर बरार
- देवदत्त पडिक्कल
- सारांश जैन
नोट:
- साई सुदर्शन और जसप्रीत बुमराह की उपलब्धता फिटनेस क्लियरेंस पर निर्भर करेगी.
- वॉशिंगटन सुंदर पहले टेस्ट के लिए चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे.
सारांश जैन को घरेलू क्रिकेट के प्रदर्शन का मिला इनाम
33 वर्षीय ऑफ स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन ने घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 188 विकेट अपने नाम किए हैं. इसके अलावा रेड बॉल क्रिकेट में 2,223 रन भी बनाए हैं, जिसमें दो शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं. मध्य प्रदेश के लिए लंबे समय से बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन करने के बाद अब उन्हें पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली है. यह चयन उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन का इनाम माना जा रहा है.
