Palamu: मजदूर नेता, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के पलामू जिलाध्यक्ष एवं समाजसेवी राकेश कुमार सिंह ने देश की वर्तमान परिस्थितियों पर चिंता जताते हुए शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की. अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की जायज मांगों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने आवश्यक कदम उठाए हैं. उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा के परिणाम घोषित हो चुके हैं, शिक्षा मंत्री इस्तीफा दे चुके हैं और इस संबंध में कैबिनेट से भी आवश्यक बिल पारित किया जा चुका है.
राकेश कुमार सिंह ने कहा…
राकेश कुमार सिंह ने कहा कि इसके बावजूद सवाल उठता है कि आंदोलनों की आड़ में उपद्रव और हिंसा को बढ़ावा कौन दे रहा है. उनका आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्व छात्रों का इस्तेमाल कर सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को किसी भी स्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता.
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों, पत्रकारों, सैनिकों, संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों या किसी भी धर्म के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वीकार्य नहीं है. आंदोलन संविधान और कानून के दायरे में रहकर होना चाहिए. यदि कोई व्यक्ति या संगठन हिंसा फैलाने या सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने में शामिल पाया जाता है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए.
प्रेस वार्ता में कार्यकर्ता और गणमान्य लोग रहे मौजूद
राकेश कुमार सिंह ने केंद्र सरकार से हिंसक और देशविरोधी गतिविधियों में शामिल संगठनों एवं व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि यदि उचित कार्रवाई नहीं होती है, तो शिव शिष्य सेना 15 दिनों बाद नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अनिश्चितकालीन आंदोलन करेगी. प्रेस वार्ता में लोजपा (रामविलास) के चैनपुर प्रखंड अध्यक्ष उदय प्रजापति, दीपक कुमार सहित कई कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे.
