Gumla: जिले की होनहार बाल प्रतिभा आरोही खंडेलवाल ने एक बार फिर अपनी असाधारण उपलब्धि से गुमला और पूरे झारखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है. उन्हें India’s Next Mastermind Awards 2026 के अंतर्गत आयोजित India Spiritual Leaders Awards 2026 में “Mastermind Shiromani Award – Youngest Spiritual Author & Mantra Prodigy” से सम्मानित किया गया. यह प्रतिष्ठित सम्मान आध्यात्मिक साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, भारतीय संस्कृति के संरक्षण तथा कम उम्र में मंत्रों के अद्भुत ज्ञान और प्रभावशाली प्रस्तुति के लिए प्रदान किया गया.
महज 11 वर्ष की आयु में देशभर में बनाई एक विशिष्ट पहचान
महज 11 वर्ष की आयु में आरोही ने अपनी लेखनी, आध्यात्मिक चिंतन और भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पण से देशभर में एक विशिष्ट पहचान बनाई है. उन्होंने सनातन परंपरा और भारतीय आध्यात्मिक मूल्यों पर आधारित कई प्रेरणादायक पुस्तकों का लेखन किया है. उनकी रचनाएं बच्चों और युवाओं को सरल भाषा में भारतीय संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं.आरोही की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे गुमला जिले और झारखंड के लिए गर्व का विषय है. उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, संस्कार, अनुशासन और निरंतर मेहनत के बल पर कम उम्र में भी राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय पहचान बनाई जा सकती है.
युवा पीढ़ी के लिए भी है प्रेरणा का स्रोत
सम्मान प्राप्त करने के बाद आरोही ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और शुभचिंतकों को दिया. उन्होंने भविष्य में भी भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और सनातन परंपरा के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प व्यक्त किया. यह सम्मान युवा पीढ़ी के लिए भी प्रेरणा का स्रोत माना जा रहा है.
ALSO READ : पलामू: जातिसूचक गाली देकर मारपीट का आरोप, दोनों पक्षो ने थाना में दर्ज कराई प्राथमिकी, पुलिस जांच में जुटी
