Gumla: उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया. इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, मुआवजा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, सेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा समेत कई जनहित से जुड़े मामलों में आवेदन सौंपे. उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार जांच कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
भूमि विवाद और सुरक्षा की मांग पर कार्रवाई के निर्देश
विशुनपुर प्रखंड के ग्राम सुरसा निवासी एक आवेदक ने भूमि विवाद को लेकर अज्ञात लोगों द्वारा जान से मारने की धमकी दिए जाने और परिवार की सुरक्षा की मांग की. आवेदक ने बताया कि विवादित जमीन को लेकर पहले भी उन पर जानलेवा हमला हो चुका है. उपायुक्त ने पुलिस विभाग को मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
हाईकोर्ट के आदेश पर कार्रवाई का निर्देश
कामडारा प्रखंड के ग्राम जरिया निवासी अनिकांत प्यारेलाल ओहदार ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के पेट्रोल पंप से जुड़े लंबित प्रशासनिक मामले में झारखंड हाईकोर्ट के अंतरिम आदेश के आलोक में कार्रवाई की मांग की. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को न्यायालय के आदेश का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
रोजगार और मुआवजा से जुड़े मामले भी पहुंचे
घाघरा प्रखंड के ग्राम बर्राग निवासी निरंजन महतो ने रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की. वहीं रायडीह प्रखंड के ग्राम परसा निवासी लोलस तिर्की ने राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के लिए अधिग्रहित भूमि के मुआवजे में हिस्सेदारी नहीं मिलने और धमकी मिलने की शिकायत की. उपायुक्त ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को पूरे मामले की जांच कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
परिवारिक और सेवा संबंधी मामलों की भी हुई सुनवाई
पटना निवासी नजमा खातून ने सेवानिवृत्त सहायक उर्दू अनुवादक पति से अलग रहने के कारण उत्पन्न आर्थिक संकट से संबंधित आवेदन दिया. वहीं रायडीह प्रखंड के जनसेवक (वीएलडब्ल्यू) गनु शांति एक्का के पुत्र आशित एक्का ने अपने पिता की गंभीर बीमारी के बाद लंबित योगदान और वेतन भुगतान की समस्या उपायुक्त के समक्ष रखी. उपायुक्त ने संबंधित विभागों को मामले का परीक्षण कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग
गुमला प्रखंड के घटगांव पंचायत अंतर्गत पहाड़ पनारी निवासी संजय नायक ने सहिया के रूप में कार्यरत अपनी दिवंगत पत्नी के निधन के बाद तीन पुत्रियों के पालन-पोषण, शिक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की मांग की.
विभिन्न जनहित मामलों पर भी मिले आवेदन
जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान भूमि विवाद, राजस्व अभिलेखों में सुधार, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल, बिजली, सड़क निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, प्रमाण-पत्र निर्गत करने, रोजगार और मुआवजा भुगतान सहित अन्य मामलों में भी आवेदन प्राप्त हुए.
समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश
उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने कहा कि साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है. उन्होंने कहा कि प्राप्त सभी आवेदनों का निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा. साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध समाधान करने और पात्र लोगों को नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
