Gumla: कामडारा प्रखंड के रामपुर पंचायत अंतर्गत जामडीह गांव के ग्रामीणों ने श्रमदान और एकजुटता की अनूठी मिसाल पेश करते हुए जामडीह से कुरकुरा जाने वाली पगडंडी को करीब 500 मीटर लंबी कच्ची सड़क में बदल दिया. साथ ही बीच में पड़ने वाले नाले पर कामचलाऊ बांस की पुलिया भी बना दी. संतु और नवीन के नेतृत्व में ग्रामीणों ने खेत मालिकों की सहमति से यह कार्य पूरा किया. ग्रामीणों ने बताया इससे कुरकुरा रेलवे स्टेशन, प्लस टू उच्च विद्यालय, थाना और साप्ताहिक बाजार जाने वाले लोगों को लगभग पांच किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी से राहत मिलेगी. ग्रामीणों ने विधायक और प्रखंड प्रशासन से जामडीह–कुरकुरा मार्ग पर स्थायी पक्की सड़क और पुलिया निर्माण की मांग की है.

