Saraikela: जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने मंगलवार को प्रखंड कुकड़ू के ग्राम पंचायत ओड़िया और तिरुलडीह के गांव सपादा का भ्रमण कर विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने ओड़िया में नव निर्मित पंचायत भवन का निरीक्षण किया. बता दें ग्राम पंचायत ओड़िया में लगभग 30 वर्षों से पंचायत भवन की मांग लंबित थी. वर्ष 2025 में जिला परिषद सरायकेला-खरसावां द्वारा स्वीकृत नव निर्मित पंचायत सचिवालय भवन का कार्य अब पूर्ण हो चुका है. पंचायत भवन नहीं रहने के कारण मुखिया और पंचायत कर्मियों को सरकारी कागजातों के रख-रखाव और जनसेवा में काफी कठिनाई होती थी. नए भवन के बन जाने से अब पंचायत की सभी गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगी.
23 सोलर जलमीनार से घर-घर पहुंचेगा शुद्ध पानी
इसी क्रम में गांव ओड़िया में पेयजल की समस्या दूर करने के लिए पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल सरायकेला के सहयोग से “धरती आबा जनजातीय ग्राम ऊर्जा योजना” के अंतर्गत 23 डीपबोरिंग सह सोलर पैनल युक्त जलमीनार स्थापित की गई है. इनके माध्यम से अब गांव के घर-घर शुद्ध पेयजल की आपूर्ति हो रही है.
सपादा में उपस्वास्थ्य केंद्र का निर्माण शुरू
भ्रमण के दौरान उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने ग्राम पंचायत तिरुलडीह अंतर्गत गांव सपादा का भी दौरा किया. वहां उन्होंने ग्रामीणों से आवागमन पथ और अन्य समस्याओं की जानकारी ली. ग्रामीणों ने सड़क और मूलभूत सुविधाओं की मांग रखी. उपाध्यक्ष ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को पत्राचार कर समस्या निराकरण का आश्वासन दिया. सपादा गांव में जिला परिषद से एक नए उपस्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है और नींव खुदाई का कार्य शुरू कर दिया गया है.
“अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजना का लाभ”
इस अवसर पर मधुश्री महतो ने कहा कि “पिछले चार वर्षों से लगातार प्रखंड कुकड़ू के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी गई है. नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उपस्वास्थ्य केंद्र, गोदाम भवन, आधुनिक बस स्टैंड, पंचायत भवन, डीप बोरिंग, नाली, पीसी पथ और तालाब का जीर्णोद्धार जैसे कार्य कराए गए हैं. सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे यह सुनिश्चित करना हमारा दायित्व है.”
इस अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि पहाड़ सिंह मुंडा, ग्राम प्रधान गंगाधर महतो, रोहिन महतो, पापुण महतो, आशीष महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: कोडरमा: नवलशाही चौक पर दुकानदारों का अतिक्रमण, सड़क खाली कराने की मांग
