Jamtara: बीते दिनों सदर अस्पताल में हुई घटना में भाजपा जिला अध्यक्ष सहित आठ कार्यकर्ताओं पर झूठा मुकदमा किए जाने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आगामी 31 जुलाई को समाहरणालय घेराव को लेकर भाजपा जिला कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी के जिला तत्वावधान में एक तैयारी बैठक की गई तथा उसके बाद प्रेस को संबोधित किया गया. जिसमें मुख्य रूप से भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी, पूर्व सांसद सह प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन, पूर्व मंत्री रणधीर सिंह तथा भाजपा नेत्री सीता सोरेन मुख्य रूप से उपस्थित रहीं.
नेताओं ने सरकार और स्वास्थ्य मंत्री पर लगाए आरोप
प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने कहा कि पूरे राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था सहित सारे विभागों की व्यवस्था लचर है और अगर कोई व्यवस्था के विरुद्ध आवाज उठाता है तो उसके खिलाफ मुकदमा दायर किया जाता है. विगत कुछ दिन पहले स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के विधानसभा क्षेत्र जामताड़ा सदर अस्पताल में डॉक्टर की लापरवाही से जच्चा-बच्चा की मौत हो जाती है और जब भाजपा जिला अध्यक्ष अपने कार्यकर्ताओं के साथ उस गरीब परिवार को न्याय दिलाने पहुंचते हैं तो अस्पताल प्रबंधन द्वारा जिला अध्यक्ष सहित आठ कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमा कर दिया जाता है, जिसके विरुद्ध आगामी 31 जुलाई को जामताड़ा समाहरणालय में विशाल आंदोलन किया जाएगा.
पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाने और उनको मुआवजा दिलाने के लिए भाजपा जिला अध्यक्ष अपने कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचकर जब शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे, उसके बाद सूबे के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी अपनी नाकामी को छुपाने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष सहित आठ कार्यकर्ताओं पर अस्पताल प्रबंधन द्वारा फर्जी मुकदमा दर्ज करवा देते हैं. इसके खिलाफ आगामी 31 जुलाई को जामताड़ा समाहरणालय में एक विशाल आंदोलन किया जाएगा, जिसमें संथाल परगना सहित गिरिडीह और धनबाद के भी हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे. साथ ही प्रशासन से मांग करता हूं कि जच्चा-बच्चा मौत के जिम्मेदार डॉक्टर के ऊपर भी सख्त कार्रवाई की जाए.
पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में अराजकता फैली हुई है. किसी भी विभाग में कोई काम नहीं हो रहा है और शर्म की बात है कि सबसे अहम विभाग स्वास्थ्य विभाग को एक निकम्मे के हाथों दे दिया गया है. स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय अपने परिवार को मजबूत बनाने पर लगे हुए हैं. 108 एंबुलेंस को बंद करवाकर एंबुलेंस का ठेका ऐसी कंपनी को दे दिया गया, जो एंबुलेंस का निर्माण ही नहीं करती है. पूरा स्वास्थ्य विभाग भ्रष्टाचार में लिप्त हो चुका है. जामताड़ा में जच्चा-बच्चा मौत पर भाजपा कार्यकर्ता लचर स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ आवाज उठाते हैं तो भाजपा जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, नगर अध्यक्ष, भाजयुमो जिलाध्यक्ष सहित आठ कार्यकर्ताओं के ऊपर फर्जी मुकदमा कर दिया जाता है. लेकिन इरफान अंसारी को याद रखना चाहिए कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता फर्जी मुकदमों से डरने वाले नहीं हैं. आप फर्जी मुकदमे करते रहिए और हमारे कार्यकर्ता राज्य की जनता के लिए आवाज उठाते रहेंगे.
31 जुलाई के आंदोलन को सफल बनाने की अपील
भाजपा नेत्री सीता सोरेन ने कहा कि आज जामताड़ा भाजपा जिला कार्यालय में सभी मंडल अध्यक्ष, जिले के नेतागण तथा पदाधिकारियों के साथ आगामी कार्यक्रम को लेकर अहम बैठक की गई. पिछले दिनों जामताड़ा सदर अस्पताल में जच्चा-बच्चा मौत के बाद पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने पहुंचे जिला अध्यक्ष के साथ आठ कार्यकर्ताओं के ऊपर फर्जी केस कर दिया गया. यह इरफान अंसारी के निकम्मेपन का एक छोटा सा उदाहरण है. इस सरकार में एक नियम बना दिया गया है कि जो भी सरकार की कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाएगा, उसके ऊपर फर्जी केस कर दिया जाएगा. स्वास्थ्य विभाग सहित सभी विभागों में सिर्फ निकम्मापन ही दिखाई दे रहा है. इसके निमित्त भारतीय जनता पार्टी प्रदेश ने निर्णय लिया है कि आगामी 31 जुलाई को जामताड़ा समाहरणालय में विशाल आंदोलन किया जाएगा, जिसमें जामताड़ा जिले के लोग ही नहीं बल्कि पूरे संथाल परगना से हजारों लोग सहित राज्य के बड़े नेतागण पहुंचेंगे.
मौके पर मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष सुमित शरण, पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे, महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता झा, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश राय तथा संतन मिश्रा, भाजपा नेता माधव चंद्र महतो, कमल गुप्ता, हरिमोहन मिश्रा, सुनील हांसदा, दुबराज मंडल, विनोद मंडल, विष्णु मंडल, कमलेश मंडल, अभय सिंह, चंडी चरण दे, मोहन शर्मा, सुकुमार सरखेल, आभा आर्या, दिलीप हेमब्रम, मितेश शाह, तापस भट्टाचार्य, कृष्णा महतो, सभी मंडल अध्यक्ष सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
ALSO READ: जामताड़ा: भाजपा ने 31 जुलाई को समाहरणालय घेराव का किया ऐलान, जिला कार्यालय में हुई तैयारी बैठक
