गिरिडीह: मतदाता हित सर्वोपरि; शिकायत मिलते ही घर पहुंचे BLO, गणना प्रपत्र की त्रुटि दूर कर जीता भरोसा

Giridih: भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR-2026) के तहत गिरिडीह...

Giridih
मतदाता हित सर्वोपरि, गिरिडीह प्रशासन की त्वरित कार्रवाई

Giridih: भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR-2026) के तहत गिरिडीह जिला प्रशासन मतदाताओं को सरल, पारदर्शी और जवाबदेह निर्वाचन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार सक्रिय है. अभियान के अंतिम चरण में प्राप्त प्रत्येक शिकायत और सुझाव का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता तकनीकी या अन्य कारणों से निर्वाचन प्रक्रिया से वंचित न रह जाए.

NGSP पोर्टल पर दर्ज हुई शिकायत

इसी क्रम में 29-बगोदर विधानसभा क्षेत्र के मतदाता राहुल मोदी ने राष्ट्रीय शिकायत निवारण प्रणाली (NGSP) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि वे वर्तमान में अपने गृह क्षेत्र से बाहर रहते हैं. उनके परिवार के सदस्यों ने गणना प्रपत्र भर दिया था, लेकिन उस पर आवश्यक हस्ताक्षर नहीं हो सके थे. उन्होंने यह भी बताया कि उनके माता-पिता वृद्ध हैं और चलने-फिरने में असमर्थ हैं, जिसके कारण प्रपत्र की शेष औपचारिकता पूरी कराना संभव नहीं हो पा रहा था.

शिकायत मिलते ही घर पहुंचे BLO

शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) ने तत्काल मामले की जांच की. जांच में पाया गया कि गणना प्रपत्र सही तरीके से भरा जा चुका था, लेकिन हस्ताक्षर की औपचारिकता शेष थी. मतदाता सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए BLO स्वयं संबंधित मतदाता के घर पहुंचीं, आवश्यक हस्ताक्षर प्राप्त किए और गणना प्रपत्र की त्रुटि का मौके पर ही निराकरण कर दिया. इसके साथ ही प्रपत्र की ऑनलाइन प्रविष्टि भी तुरंत सुनिश्चित की गई.

समयबद्ध समाधान से बढ़ा विश्वास

जिला प्रशासन की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से शिकायत का समयबद्ध समाधान हुआ. इससे संबंधित मतदाता का गणना प्रपत्र बिना किसी त्रुटि के निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण प्रक्रिया में शामिल हो सका. राहुल मोदी और उनके परिजनों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की सराहना की.

“हर मतदाता हमारे लिए महत्वपूर्ण”

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि SIR-2026 अभियान के दौरान प्रत्येक मतदाता प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण है. किसी भी पात्र मतदाता को तकनीकी त्रुटि, असुविधा या शारीरिक परेशानी के कारण प्रक्रिया से वंचित नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता को कोई कठिनाई आती है, तो जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ उसके द्वार तक पहुंचकर समाधान सुनिश्चित करेगा. प्रशासन का लक्ष्य शत-प्रतिशत शुद्ध, समावेशी और विश्वसनीय निर्वाचक नामावली तैयार करना है.

मतदाताओं से शिकायत दर्ज कराने की अपील

उपायुक्त ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की कि गणना प्रपत्र या मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे NGSP पोर्टल, संबंधित BLO या वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 के माध्यम से सूचना दें. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन प्रत्येक शिकायत का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

ALSO READ: हजारीबाग: NTPC द्वारा ध्वस्त विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर अंचल कार्यालय में एकदिवसीय धरना

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *