Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को ऊर्जा विभाग की कार्यप्रणाली और चल रही विकास योजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा की. बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य में बिजली आपूर्ति को सुचारू बनाने में आ रही हर एक बाधा को युद्ध स्तर पर दूर किया जाए. सीएम ने कहा कि आम जनता को निर्बाध बिजली मिलना सरकार की प्राथमिकता है. इसमें किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
समन्वय बनाकर दूर करें अड़चनें
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने पीसीसीएफ (वाइल्डलाइफ) के अलावा हजारीबाग, बोकारो और धनबाद जिलों के उपायुक्तों को विशेष रूप से निर्देशित किया. ग्रिड और ट्रांसमिशन लाइनों के विस्तार में वन क्षेत्र या अन्य कारणों से आ रही समस्याओं का तुरंत समाधान निकाला जाए.
समय-सीमा के भीतर पूरा हो काम
मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित जिला पदाधिकारियों को कड़ी हिदायत दी कि उनके जिलों में बिजली विभाग से जुड़ी जितनी भी लंबित समस्याएं या योजनाएं हैं, उन्हें एक तय समय-सीमा के अंदर पूरा किया जाए.
अधिकारियों को सख्त निर्देश
ट्रांसमिशन और पावर डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क को मजबूत करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग करने को कहा गया है, ताकि उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज या बार-बार बिजली कटने की समस्या से निजात मिल सके.
