Ranchi: झारखंड सरकार ने गोड्डा स्थित राजकीय होम्योपैथिक महाविद्यालय एवं अस्पताल में पढ़ाई की व्यवस्था मजबूत करने के लिए 6 नए लेक्चररों की नियुक्ति की है. सरकार का कहना है कि इससे छात्रों को नियमित पढ़ाई और बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा.स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इससे पहले भी इस कॉलेज में 4 लेक्चररों की नियुक्ति की जा चुकी है. यानी अब तक कुल 10 शिक्षकों की नियुक्ति कर कॉलेज में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में कदम उठाया गया है.
सरकारी मेडिकल व होम्योपैथिक संस्थानों को बनाना है मजबूत
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य झारखंड के छात्रों को बेहतर चिकित्सा शिक्षा देना और सरकारी मेडिकल व होम्योपैथिक संस्थानों को मजबूत बनाना है. उन्होंने कहा कि कॉलेज को बंद होने नहीं दिया जाएगा, बल्कि यहां सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.मंत्री ने बताया कि जल्द ही वह खुद गोड्डा स्थित कॉलेज का दौरा करेंगे. वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर भवन, संसाधन और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जरूरी फैसले लिए जाएंगे.
छात्रों और शिक्षकों को बेहतर माहौल मिले और परिसर में पढ़ाई का वातावरण बना रहे: डॉ. इरफान अंसारी
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कॉलेज और अस्पताल का संचालन सुचारु रूप से हो, छात्रों और शिक्षकों को बेहतर माहौल मिले और परिसर में पढ़ाई का वातावरण बना रहे. साथ ही किसी भी समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए. सरकार का कहना है कि उसका लक्ष्य सिर्फ नए भवन बनाना नहीं, बल्कि ऐसे मजबूत चिकित्सा संस्थान तैयार करना है, जहां से पढ़कर निकलने वाले छात्र भविष्य में बेहतर डॉक्टर बन सकें और राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करें.
