Sahibganj: जिले के राजमहल थाना क्षेत्र के बुधवरिया गांव के समीप फोरलेन सड़क पर बुधवार को कांवड़ियों से भरी एक बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई. इस सड़क हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत 13 कांवरिया घायल हो गए. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला और एंबुलेंस की सहायता से राजमहल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया.
बोलेरो से प्रसिद्ध शिवगादी धाम पूजा-अर्चना करने गए थे श्रद्धालु
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के वैष्णवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कृष्णापुर (श्याम टोला) के श्रद्धालु बोलेरो से बरहेट स्थित प्रसिद्ध शिवगादी धाम में पूजा-अर्चना करने गए थे. वहां से पूजा-अर्चना करने के बाद सभी कांवरिया महाराजपुर स्थित मोतीझरना में जल अर्पित कर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान बुधवरिया गांव के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई.
अधिकांश घायलों की स्थिति खतरे से बाहर
हादसे में 18 वर्षीय प्रीति प्रमाणिक, 45 वर्षीय विजय प्रमाणिक, 34 वर्षीय रीमा प्रमाणिक, 22 वर्षीय प्रियंका मंडल, 12 वर्षीय करणव प्रमाणिक, 22 वर्षीय होरन मंडल, 48 वर्षीय मनोज शाह, 40 वर्षीय शिखा मंडल, 14 वर्षीय रानी प्रमाणिक, 22 वर्षीय प्रशांत शाह, 21 वर्षीय देवा प्रमाणिक, 42 वर्षीय विजय प्रमाणिक तथा 4 वर्षीय दीप्तो मंडल (पिता- हीटो मंडल) घायल हो गए. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए राजमहल अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज किया. चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है, जबकि कुछ को गंभीर चोटें आई हैं.
घटना की सूचना मिलते ही राजमहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य चलाया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया. प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने से दुर्घटना होने की बात सामने आई है. हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: रांची में बनेंगे तीन नए स्मार्ट ग्रिड, विद्युत व्यवस्था होगी और अधिक सुदृढ़
