Giridih: गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव ने बुधवार को समाहरणालय सभागार में कल्याण विभाग की विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब हर पात्र लाभुक तक बिना किसी विलंब के उनका लाभ पहुंचे.
कल्याणकारी योजनाओं की प्रखंडवार प्रगति की समीक्षा
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत संचालित साइकिल वितरण योजना, प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना समेत अन्य कल्याणकारी योजनाओं की प्रखंडवार प्रगति की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया. उन्होंने विशेष रूप से कहा कि कक्षा 8 में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक समुदाय के पात्र छात्र-छात्राओं को समय पर साइकिल उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो. साथ ही प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति की राशि भी निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी पात्र विद्यार्थियों के खातों में भेजने के निर्देश दिए. उन्होंने चेतावनी दी कि छात्रवृत्ति वितरण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.
योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर दिया गया जोर
उपायुक्त ने सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, लाभुकों से सतत संवाद और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा, कि कोई भी पात्र लाभुक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए. उन्होंने योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं एवं जरूरतमंद लाभुक इन योजनाओं से जुड़ सकें. बैठक में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, जिला कल्याण पदाधिकारी जय प्रकाश मेहरा, जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष हेंब्रम सहित कल्याण विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल से आए कांवरियों से भरी बोलेरो अनियंत्रित होकर पलटी, महिलाएं व बच्चे समेत 13 घायल
