गिरिडीह: 5 करोड़ की सड़क पर बवाल, ग्रामीणों ने रोका काम… बोले- घटिया निर्माण नहीं चलेगा

Giridih: बिरनी प्रखंड के खरखरी गांव में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब ₹5 करोड़ की लागत से बन रही सड़क...

Giridih
विकास योजना पर सवाल, ग्रामीणों ने खोला मोर्चा

Giridih: बिरनी प्रखंड के खरखरी गांव में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब ₹5 करोड़ की लागत से बन रही सड़क निर्माण परियोजना को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. निर्माण कार्य में कथित अनियमितता और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए बुधवार को ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया.ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है और सरकारी राशि का सही इस्तेमाल नहीं हो रहा है.

घटिया सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क के गार्डवाल निर्माण में निर्धारित गुणवत्ता वाले पत्थरों की जगह कमजोर और सफेद बोल्डर लगाए जा रहे हैं. इससे निर्माण की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है. सड़क किनारे करीब दो फीट खुदाई की जगह केवल आठ इंच खुदाई कर खानापूर्ति की जा रही है.

तीन महीने से शिकायत का दावा

ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण कार्य में गड़बड़ी को लेकर पिछले तीन महीनों से विभागीय अधिकारियों को शिकायत की जा रही थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. माले नेता फुलेंद्र राय ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद अधिकारी मौके पर जांच करने नहीं पहुंचे. उन्होंने कहा कि विरोध करने वाले ग्रामीणों को दबाने की कोशिश की जा रही है.

जांच तक काम बंद रखने की मांग

ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा है कि जब तक निर्माण कार्य तकनीकी मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप नहीं होगा, तब तक काम शुरू नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो मामले की शिकायत उपायुक्त से कर उच्चस्तरीय जांच की मांग की जाएगी.

जेई ने कहा- जांच के बाद होगी कार्रवाई

मामले में कनीय अभियंता शमशाद ने कहा कि ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लिया गया है. ठेकेदार को फिलहाल काम बंद रखने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने बताया कि विभागीय टीम जल्द मौके पर पहुंचकर जांच करेगी. यदि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल पाया गया तो उसे हटाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

ALSO READ: सरायकेला: प्रमंडलीय आयुक्त ने राजनगर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का किया निरीक्षण, जनसेवा व लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर दिया जोर

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *