Giridih: तिसरी थाना क्षेत्र में जंगली मशरूम खाना एक परिवार के लिए परेशानी का कारण बन गया. जहरीले मशरूम के सेवन से एक महिला समेत दो बच्चे बीमार हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिसरी में भर्ती कराया गया है. जानकारी के मुताबिक, तिसरी निवासी विजय यादव की 42 वर्षीय पत्नी सुनीता देवी और परिवार के दो बच्चों ने जंगल से लाए गए मशरूम को भोजन के रूप में खाया था. मशरूम खाने के कुछ देर बाद ही तीनों की तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें उल्टी, घबराहट सहित अन्य परेशानियां होने लगीं.
समय पर अस्पताल पहुंचने से मिला इलाज
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय निवासी विकास शर्मा ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को तीन पहिया वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिसरी पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सक डॉ. ज्ञानेंद्र और उनके सहयोगी अनूप ने तत्काल इलाज शुरू किया. फिलहाल तीनों मरीज डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
डॉक्टरों ने की सावधानी बरतने की अपील
चिकित्सकों ने बताया कि बरसात के मौसम में जंगलों में कई तरह के मशरूम उगते हैं. इनमें कुछ प्रजातियां खाने योग्य होती हैं, जबकि कई बेहद जहरीली होती हैं. बिना पहचान के ऐसे मशरूम का सेवन गंभीर स्वास्थ्य संकट पैदा कर सकता है.
डॉक्टरों के अनुसार जहरीले मशरूम खाने से उल्टी, दस्त, पेट दर्द, बेहोशी और लीवर-किडनी पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है.
लोगों से सतर्क रहने की अपील
डॉ. ज्ञानेंद्र ने लोगों से अपील की कि जंगलों में मिलने वाले किसी भी अज्ञात मशरूम का सेवन न करें. मशरूम खाने के बाद किसी तरह की परेशानी होने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घरेलू उपचार में समय बर्बाद न करें. बरसात के मौसम में जंगली मशरूम खाने से बीमार पड़ने की घटनाएं सामने आती रहती हैं, ऐसे में स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को जागरूक कर रहा है.
