Ranchi: जवाहर विद्या मंदिर श्यामली में 30 जुलाई से 1 अगस्त तक तीन दिवसीय सीबीएसई क्लस्टर-3 टेबल टेनिस टूर्नामेंट 2026 का आयोजन किया जाएगा. विद्यालय की हीरक जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. टूर्नामेंट को लेकर बुधवार को विद्यालय के दयानंद सभागार में प्रेस वार्ता आयोजित की गई. इसमें आयोजन की तैयारियों और प्रतियोगिता से जुड़ी जानकारी साझा की गई.
विभिन्न आयु वर्गों में होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता में बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ी अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे. सभी मुकाबले टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (TTFI) के नियमों के अनुसार नॉकआउट आधार पर खेले जाएंगे. इस प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता टीमें, साथ ही व्यक्तिगत स्पर्धा के शीर्ष चार खिलाड़ी सीबीएसई नेशनल टेबल टेनिस टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करेंगे.
खेल अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने का माध्यम
विद्यालय के प्राचार्य बी.एन. झा ने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना विकसित करने का सबसे अच्छा माध्यम है. उन्होंने कहा कि जेवीएम श्यामली के लिए इस प्रतिष्ठित सीबीएसई प्रतियोगिता की मेजबानी करना गर्व की बात है. आयोजन समिति में मेकॉन लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुमार वर्मा मुख्य संरक्षक हैं. आयोजन सचिव की जिम्मेदारी डॉ. मोती प्रसाद निभा रहे हैं, जबकि विद्यालय के शिक्षकों और विभिन्न विभागों का भी आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान रहेगा.
ALSO READ: गुमला: गुरु पूर्णिमा पर गुमला लायंस क्लब की पहल, 500 से अधिक जरूरतमंदों को कराया भंडारे का प्रसाद
