Simdega: रेंगारिह थाना क्षेत्र के चीड़राटोली गांव में पिता की लाठी से पीटकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. घटना 24 जुलाई की है.
शराब के नशे में हुआ विवाद, पिता पर किया हमला
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी मुख्यालय रणवीर सिंह ने बताया कि आरोपी एक्शन मिंज शराब के नशे में घर पहुंचा और अपनी बहन यशवंती मिंज से खाना मांगा. बहन द्वारा खाना नहीं बनने की बात कहने पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. शोर सुनकर पिता मिखाइल मिंज बीच-बचाव करने पहुंचे और दोनों को समझाने का प्रयास किया.
इलाज के दौरान हुई मौत, आरोपी गिरफ्तार
इसी दौरान गुस्से में आकर एक्शन मिंज ने लाठी से अपने पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजन उन्हें तत्काल सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही रेंगारिह थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र एक्शन मिंज को गिरफ्तार कर लिया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.
ALSO READ: सिमडेगा: सड़क नहीं तो खाट बनी एंबुलेंस, गंभीर मरीज को आधा किलोमीटर पैदल ले जाने को मजबूर हुए ग्रामीण
