Ranchi : कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था सुचारू रूप से बनाए रखने के लिए तैनात किए जाने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर है. झारखंड पुलिस मुख्यालय के द्वारा इस संबंध में बुधवार यानि ( 29 जुलाई) को एक अहम आदेश जारी किया है. जारी आदेश के अनुसार देवघर श्रावणी मेले में प्रतिनियुक्त होने वाले सभी पुलिसकर्मियों को उनके देशीय यात्रा भत्ता(टीए) का 80 प्रतिशत हिस्सा एडवांस के रूप में भुगतान करने का निर्णय लिया है. यह भुगतान पुलिसकर्मियों के अपने निर्धारित स्थल के लिए रवाना होने से पहले ही कर दिया जाएगा.
मुख्यालय ने जारी किया निर्देश, उच्च प्राथमिकता देने को कहा:
डीजीपी ऑफिस से जारी आदेश के अनुसार यह आधिकारिक आदेश जारी कर स्पष्ट किया गया है कि श्रावणी मेला 2026 के लिए विभिन्न जिलों, वाहिनी इकाइयों और कार्यालयों से सुरक्षा में लगाए जा रहे जवानों व अधिकारियों को आर्थिक कठिनाई न हो, इसके लिए यह एडवांस राशि दी जा रही है.
अतिरिक्त बजट की आवश्यकता पर मांगी अधियाचना:
जारी आदेश के अनुसार, अग्रिम राशि का यह भुगतान कार्यालयों को पूर्व में आवंटित देशीय यात्रा भत्ता मद से ही किया जाएगा. यदि किसी इकाई या कार्यालय को इस मद में अतिरिक्त धनराशि की आवश्यकता होती है, तो वे तुरंत पुलिस मुख्यालय को अधियाचना पत्र भेजकर अतिरिक्त बजट की मांग कर सकते हैं.
जवानों को मिलेगी सहूलियत:
श्रावणी मेले के दौरान राज्य भर से हजारों की संख्या में पुलिस बल देवघर, दुमका व अन्य क्षेत्रों में तैनात किए जाते हैं. ड्यूटी पर जाने से पहले यात्रा भत्ते का 80 प्रतिशत अग्रिम मिल जाने से जवानों को अपनी यात्रा, भोजन और व्यक्तिगत व्यवस्थाओं के लिए वित्तीय सहूलियत मिलेगी.
