Bokaro: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण, संग्रह और डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा हो गया है. अब 5 अगस्त 2026 को जिले में प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा. प्रारूप सूची सभी मतदान केंद्रों, पंचायत सचिवालयों और एईआरओ/ईआरओ कार्यालयों में उपलब्ध रहेगी.
बोकारो जिले में 2.65 लाख मतदाता SIR से रहे वंचित
बोकारो जिला प्रशासन के अनुसार, SIR प्रक्रिया के दौरान अनुपस्थित, संपर्क से बाहर, दूसरे स्थान पर स्थानांतरित और अन्य श्रेणी के कुल 2,65,804 मतदाता प्रक्रिया से बाहर रह गए हैं. इनमें गोमिया विधानसभा क्षेत्र के 23,670, बेरमो विधानसभा क्षेत्र के 44,483, बोकारो विधानसभा क्षेत्र के 1,78,770 और चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र के 18,881 मतदाता शामिल हैं.
फॉर्म-6 भरकर कर सकेंगे दावा
प्रशासन ने बताया कि ऐसे सभी मतदाता जो यह दावा करना चाहते हैं कि उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल रहना चाहिए, वे 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक फॉर्म-6 भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा कर सकते हैं.इसके अलावा मतदाता ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन कर सकेंगे. इसके लिए निर्वाचन आयोग के पोर्टल के माध्यम से आवेदन की सुविधा उपलब्ध रहेगी.

जांच के बाद अंतिम सूची में जुड़ेगा नाम
जिला प्रशासन ने बताया कि दावा और आपत्तियां प्राप्त होने के बाद नियमानुसार जांच की जाएगी. जांच में पात्र पाए जाने वाले मतदाताओं का नाम अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा.प्रशासन ने अपील की है कि जिन मतदाताओं का नाम प्रारूप सूची में नहीं है, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर दावा दर्ज कराकर अपना नाम जुड़वाएं.
ALSO READ: बोकारो: थाना दिवस में 113 मामलों की सुनवाई, 84 शिकायतों का मौके पर हुआ निष्पादन
