Ranchi: प्रदेश भाजपा ने शुक्रवार को जामताड़ा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में विशाल आक्रोश प्रदर्शन किया. इस दौरान हजारों की संख्या में युवाओं, महिलाओं एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला समाहरणालय पहुंचकर डीसी एवं एसपी कार्यालय का घेराव किया तथा राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. यह प्रदर्शन राज्य सरकार की कथित जनविरोधी एवं मनमानी नीतियों, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली तथा भाजपा कार्यकर्ताओं पर कथित रूप से झूठे केस दर्ज कर लोकतांत्रिक आवाज को दबाने के प्रयासों के विरोध में आयोजित किया गया.

राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड की जनता आज भ्रष्टाचार, कुशासन और प्रशासनिक विफलताओं से त्रस्त है. राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है, युवाओं का भविष्य अनिश्चितता के अंधकार में धकेला जा रहा है और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमों में फंसाकर डराने का प्रयास किया जा रहा है. लोकतंत्र में विरोध की आवाज को पुलिसिया कार्रवाई और झूठे केस से दबाया नहीं जा सकता. भाजपा अन्याय, भ्रष्टाचार और दमनकारी शासन के खिलाफ जनता की लड़ाई पूरी ताकत के साथ लड़ती रहेगी. इस अवसर पर पूर्व सांसद सुनील सोरेन, पूर्व विधायक सीता सोरेन, रणधीर सिंह, सत्यानंद झा ‘बाटुल’, जिला अध्यक्ष सुमित शरण सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
Read Also: हजारीबाग: आत्मसमर्पित नक्सली बंदियों के पुनर्वास की दिशा में बड़ी पहल
