Ranchi: राज्य के प्रमुख मानसिक स्वास्थ्य संस्थान रिनपास के प्रशासनिक और वित्तीय कामकाज को लेकर कांग्रेस ने सरकार के सामने गंभीर सवाल उठाए हैं. शुक्रवार को पार्टी नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से मिला और संस्थान में कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की.
स्वास्थ्य मंत्री को सौंपा ज्ञापन
प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि रिनपास में खरीद प्रक्रिया, वित्तीय लेन-देन, मरीजों के भर्ती संबंधी मामलों और निजी कंपनियों से जुड़े प्रचार-प्रसार की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए. नेताओं का कहना था कि पूरे मामले की पारदर्शी जांच से ही वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी.
खरीद प्रक्रिया और वित्तीय लेन-देन पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेताओं ने यह भी मांग रखी कि जांच प्रक्रिया पूरी होने तक वर्तमान प्रभारी निदेशक डॉ. जयति सिमलाई को हटाकर किसी निष्पक्ष और योग्य अधिकारी को संस्थान की जिम्मेदारी सौंपी जाए, ताकि जांच प्रभावित न हो.

Read Also: चाईबासा: दंपती की धारदार हथियार से हत्या कर नाले में फेंका शव, जांच में जुटी पुलिस
इन नेताओं ने किया प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस सचिव एवं सिल्ली विधानसभा प्रभारी मदन कुमार महतो ने किया. उनके साथ प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता मृदुल राज, रांची जिला कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष रोहित कुमार साहू, जिला कांग्रेस सचिव मिथिलेश तिवारी सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे.
